Tuesday, January 20, 2009

आंतकवाद और हिंसा के खिलाफ एक जुट हो : सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत

क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र सिंह जाड़ावत ने युवाओं का आव्हान किया कि वे देश में बढ़ते आंतकवाद और हिंसा के खिलाफ एक जुट हो कर देश को बचाने का दृढ़ संकल्प ले।विधायक जाड़ावत सोमवार को स्थानीय प्रताप पार्क में नेहरु युवा केन्द्र द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित युवाओं की रैली को संबोधित कर रहे थे। जाड़ावत ने रैली में भाग लेने वाले युवाओं को आंतकवाद और हिंसा के विरुद्ध प्रतिज्ञा दिलाते हुए बुलन्दियों के साथ राष्ट्र हित में कार्य करने का आव्हान किया। इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ प्रधान राजेश्वरी मीणा भी उपस्थित थी।इससे पूर्व अतिरिक्त अधीक्षक प्रसन्न खमेसरा ने नेहरु युवा केन्द्र कार्यालय परिसर में आंतकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध रैली को रवाना करने से पूर्व अपने उद्बोधन में कहा कि देश के युवा जागरुक हो कर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही के लिए जिला एवं प्रशासन को सहयोग दे। उन्होने हरी झण्डी दिखा कर युवा रैली को रवाना किया।प्रारम्भ में नेहरु युवा केन्द्र के युवा समन्वयक एम.पी.ित्रवेदी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि देश के 500 जिला मुख्यालयों पर नेहरु युवा संगठन के निर्देशानुसार युवाओं द्वारा आतंकवाद एवं हिंसा के विरुद्ध अभियान चलाने के लिए रैलियों का आयोजन किया जा रहा है।राष्ट्रीय युवा सप्ताह के समापन अवसर पर नेहरु युवा केन्द्र परिसर में स्वतंत्रता सैनानी प्रभु दयाल जोशी, कवि अब्दुल जब्बार, प्रो. सुशीला लढ्ढा ने नेहरु युवा केन्द्र की आतंकवादियों के विरुद्ध इस मुहिम को गांव गांव, ढाणी ढाणी तक पहुंचाने पर बल दिया।

विधायक सज्जन कटारा ने किया विद्यालय का निरीक्षण

उदयपुर ग्रामीण विधायक सज्जन कटारा ने सोमवार को टीडी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण में कई अव्यवस्थाएं देखने मिली ।निरीक्षण में विधायक ने पाया कि कालांश के दौरान विद्यालय के छात्र बाहर घूम रहे थे। वहीं विद्यालय में छात्र संख्या नगण्य थी। कई अध्यापक भी अवकाश पर थे। विधायक कटारा ने संस्था प्रधान से वार्ता कर अव्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

उदयपुर लोकसभा सीट से भाकपा के मेघराज तावड होंगे प्रत्याशी

भाकपा जिला कॉसिल की बैठक सोमवार को मोहनदास की अध्यक्षता में हुई।राज्य कार्यवाहक तारासिंह व राज्य कार्यकारिणी सदस्य कैलाश गहलोत की उपस्थिति में आयोजित बैठक में आगामी लोकसभा चुनावों पर चर्चा कर उदयपुर संसदीय सीट से मेघराज तावड़ को चुनाव लड़ाने का निर्णय लिया गया।बैठक में प्रेम सिंह राठौड़, रामचन्द्र पारगी, भोलीराम, गोविन्द, भीमदास सहित कई कार्यकर्ता पदाधिकारी उपस्थित थे।

वसुंधरा और बैंसला भडकाने में लगे है : अशोक गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और राजस्थान गुर्जर आरक्षण आंदोलन के अध्यक्ष कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला प्रदेश में गुर्जर आरक्षण आंदोलन को फिर से भड़काने का षड्यंत्र रच रहे हैं।गहलोत सोमवार को यहां संवाददाताओं से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे और कर्नल बैंसला दोनों मिलकर प्रदेश में आरक्षण आंदोलन को फिर भड़काने का प्रयास कर रहे है क्योंकि भाजपा अपनी हार को पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इनके किसी षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी।मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार अपने गृह नगर आए गहलोत ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और कर्नल बैंसला दोनों मिलकर आरक्षण आंदोलन को हवा देने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हेंने कहा कि गुर्जरों समेत अन्य समाज को अपना हक मांगने का अधिकार तो है लेकिन षड्यंत्र करने का नहीं।उन्होंने कहा कि तरह-तरह दुष्प्रचार के बावजूद जनता ने कांग्रेस के पक्ष में जनादेश दिया है और उनकी प्राथमिकता संवेदनशील और पारदर्शी सरकार चलाने की है। गहलोत ने कहा कि वे अपने कर्तव्य को अच्छी तरह समझते हैं तथा उसका पालन करेंगे। गहलोत ने यह भी कहा कि वे किसी भी तरह की बदले की भावना में विश्वास नहीं रखते इसलिए कोई भी कार्रवाई बदले की भावना से नहीं की जाएगी।गहलोत ने कहा कि प्रदेश में बड़ी मुश्किल से कानून व्यवस्था फिर से सुधरी है। अब फिर षड्यंत्र कर वातावरण बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। सरकार किसी भी कीमत पर इनके षड्यंत्र को विफल करेगी। उन्हेंने कहा कि कांग्रेस सरकार गुर्जर और मीणा समाज में फिर से भाईचारा और सद्भावना के लिए काम करेगी।शराब नीति की चर्चा करते हुए गहलोत ने कहा कि शराब नीति में अवैध शराब को रोकने के साथ धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के आसपास खोली गई दुकानों को बंद कराने का प्रावधान किया जाएगा। जयपुर शहर में 156 ऐसी दुकानें है जो आबकारी नीति के विरुद्ध खोली गई है। उन्होंने बताया कि शराब की दुकानों पर विग्यापन की रोक लगाई जाएगी। अब इन दुकानों पर सिर्फ शराब की दुकान का ही नाम रहेगा।दुकानों के समय में परिवर्तन के निर्णय की चर्चा करते हुए गहलोत ने कहा कि शराब की दुकान बंद करने का समय घटाने का चौतरफा स्वागत हुआ है तथा लोग शराब संस्कृति के खिलाफ एकजुट हो रहे है1 उन्होंने बताया कि अवैध शराब से भी काफी नुकसान हो रहा है तथा पिछले दिनों शाहपुरा की शराब दुखान्तिका की जांच की जा रही है।

Monday, January 19, 2009

कल्याण सिंह के जल्द ही समाजवादी पार्टी में

भाजपा से नाराज चल रहे वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के जल्द ही समाजवादी पार्टी में शामिल होने की संभावना है।कल्याण से रविवार को यहां एक निजी निवास पर सपा के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय महासचिव अमर सिंह ने मुलाकात की। तीनों नेताओं के बीच एक घंटे से भी ज्यादा समय तक मंत्रणा हुई। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।उल्लेखनीय है कि कल्याण सिंह ने पूर्व में भी भाजपा छोड़ पहले अपनी राष्ट्रीय क्रांति पार्टी बनाई थी और फिर सपा में शामिल हो गए थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने उनके पुत्र राजू और उनकी निकटवर्ती विधायक कुसुम राय को अपने मंत्रिमंडल में शामिल किया था।कुसुम राय हाल में उत्तरप्रदेश से भाजपा के टिकट पर राज्यसभा सदस्य बनी हैं। भाजपा के कई बार मान मुनव्वल ठुकरा दिए जाने पर अब पार्टी नेतृत्व भी कल्याण सिंह को खास तवज्जो नहीं दे रहा है और अपनी महत्वपूर्ण बैठकों में उन्हें नहीं बुला रहा है। कल्याण सिंह भी परिसीमन के बाद अब अपनी परंपरागत सीट अतरौली के बजाय अलीगढ़ सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने का मन बना रहे हैं और अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सपा का सहारा तलाश रहे हैं।

झारखंड में राष्ट्रपति शासन

झारखंड में राजनीतिक अनिश्चितता के माहौल को खत्म करने के राजनीतिक प्रयास विफल हो जाने के बाद आज वहां राष्ट्रपति शासन लगाने का फैसला ले लिया गया है।केन्द्रीय मंत्रिमंडल की प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में यहां हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। कांग्रेस के शीर्ष नेताओं प्रणब मुखर्जी, एके एंटनी और अहमद पटेल के बीच रविवार को झारखंड के सवाल पर विचार-िवमर्श हुआ। तय हुआ कि सोमवार को यह मामला कैबिनेट के हवाले कर दिया जाएगा। कैबिनेट की मुहर लगते ही इसे राष्ट्रपति की औपचारिक मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही झारखंड में राष्ट्रपति शासन लागू हो जाएगा।झारखंड में मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के उपचुनाव में हारने के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति न बन पाने से यह स्थिति बनी है। इस स्थिति में कांग्रेस की सबसे ज्यादा फजीहत हो रही है। इससे बचने के लिए कांग्रेस ने राष्ट्रपति शासन लगाने का मन बना लिया है।कांग्रेस नेतृत्व मान रहा है कि सत्ता में रहे बिना सत्ता विरोधी लहर से बचने के लिए सही रास्ता चुनाव का है। मगर, वह लोकसभा चुनाव के साथ झारखंड में विधानसभा चुनाव के पक्ष में नहीं है। इसीलिए, राष्ट्रपति शासन लगा कर विधानसभा को भंग नहीं किया जाएगा। अभी झारखंड विधानसभा का करीब डेढ़ साल का कार्यकाल बाकी है। विधानसभा को निलंबित रख कांग्रेस थोड़ा और इंतजार करेगी।सूत्रों के मुताबिक एक तरह से यह राजद, झामुमो व अन्य को कांग्रेस की चेतावनी है कि वे तत्काल नए मुख्यमंत्री के नाम पर सहमति बनाएं।

लोकसभा चुनावों में परचम फहराने की मंशा लिए तैयारियां शुरू

विधानसभा चुनावों में बाजी हाथ से निकलने के बाद भाजपा ने लोकसभा चुनावों में परचम फहराने की मंशा लिए तैयारियां शुरू कर दी है।लोकसभा चुनावों की प्रारम्भिक तैयारियों के तहत भाजपा देहात जिला की बैठक आगामी 21 जनवरी को दोपहर साढ़े 12 बजे पटेल सर्कल स्थित पार्टी कार्यालय पर रखी गई है।देहात जिला प्रवक्ता वीरेन्द्रसिंह सौलंकी ने बताया कि देहात जिलाध्यक्ष गुणवंत सिंह झाला की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में लोकसभा चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक चर्चा की जाएगी। बैठक में उदयपुर संसदीय क्षेत्र के प्रभारी रामदास अग्रवाल व नन्दलाल मीणा विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।सौलंकी ने बताया कि बैठक में जिले के सभी विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रत्याशी, जिला पदाधिकारी, जिला कार्य समिति सदस्य, मण्डल अध्यक्ष महामंत्री व मोर्चा-प्रकोष्ठों के जिलाध्यक्ष महामंत्री तथा विशेष आमंत्रित सदस्य भाग लेंगे।