Tuesday, October 6, 2009

पूर्व मंत्री सुभाष महरिया ने सिपाही को थप्पड मारा

सीकर से एक छात्रा के दिन-दहाडे अगवा होने की खबर पाकर नाकेबंदी लगा कर बैठे पुलिस वालों को आज पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया के कोप का शिकार होना पडा। पुलिसवालों की गलती बस इतनी ही थी कि उन्होंने दिल्ली नंबर वाली एक गाडी को रोका। गाडी बजाय रूकने के नाकेबंदी को तोडते हुए ही निकल गई। किसी अनहोनी की आशंका में पुलिस ने उसका पीछा किया और गाडी को किसी तरह रूकवाया। उसमें से उतरे सीकर के पूर्व सांसद सुभाष महरिया। उन्होंने आव देखा न ताव, सबसे पहले सामने पडे सिपाही विक्रम सिंह को यह कहते हुए थप्पड जड दिया कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई मेरी गाडी रोकने की।
यह है मामला
सुभाष महरिया ने डूंडलोद फाटक पर पुलिस की नाकेबंदी तोड कर वहां तैनात एक सिपाही विक्रमसिंह की पिटाई कर दी। पुलिस ने यह नाकेबंदी सीकर से अगवा की गई एक छात्रा को खोजने के लिए की थी। नवलगढ थानाधिकारी निहालसिंह के अनुसार डीआई नंबर की गाडी को नाकेबंदी के दौरान रोकने की कोशिश की गई तो गाडी नाकेबंदी तोड आए निकल गई। पीछाकर गाडी को रोका तो उसमें से सीकर से सांसद रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री सुभाष महरिया नीचे उतरे और रोकने वाले सिपाही विक्रमसिंह के यह कहते हुए थप्पड जड दिया कि तुम्हारी मुझे रोकने की हिम्मत कैसे हुई। थप्पड खाकर सिपाही तो गाल सहलाता रह गया, जबकि बाकी पुलिस टीम महरिया की मिजाज-पुर्सी में लग गई। फिलहाल इस बारे में कोई भी रिपोर्ट थाने में दर्ज नहीं कराई गई है।

Sunday, October 4, 2009

संगीनों के साए में शहर

पानीपत. विधानसभा चुनाव में सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और किसी प्रकार की असामाजिक घटना से निपटने के लिए जिला पुलिस के अलावा सीमा सुरक्षा बल की दो बटालियन ने मोर्चा संभाल लिया है। शस्त्र सीमा बल के जवानों ने शहर में जगह-जगह गश्त लगानी शुरू कर दी है।

दो सौ हथियारबंद जवान तैनात

सीमा सुरक्षा बल की दो बटालियन पानीपत पहुंच गई है। दोनों बटालियन में दो सौ जवान हैं। बल के जवान दो-चार की संख्या में हर चौराहे और सेक्टर के मुख्य रास्तों पर तैनात हैं।

स्थानीय पुलिस की पैनी निगाह

जिला पुलिस भी पूरे जिले में प्रत्येक राहगीर पर पैनी नजर रखे है। 14 पीसीआर, 35 राइडर अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात कर दी गई है। पीसीआर और राइडर समय-समय पर अलग-अलग जगह की गश्त कर रहे हैं।

जिले में 14 पीसीआर, 35 राइडर अलग-अलग प्वाइंट पर तैनात हैं। शहर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए शस्त्र सीमा बल भी तैनात हो गई है। - रणधीर सिंह सैनी, पुलिस उपाधीक्षक


परीक्षा से पहले गुरुद्वारे जाकर करता था प्रार्थना
मनमोहन

कसौली. जब मैं सनावर स्कूल का छात्र था, तब मैंने कभी यह सोचा नहीं था कि मैं सनावर स्कूल में मुख्यातिथि बनकर आऊंगा। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि आज मुझे स्कूल प्रशासन ने 162वें स्थापना दिवस में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करने का अवसर दिया।

यह बात भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने रविवार को सनावर स्कूल उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि मैंने इस स्कूल में 9 वर्ष गुजारे हैं। उन्होंने खुशी जाताई कि स्कूल पढ़ाई व अन्य गतिविधयों में प्रतिवर्ष ऊंचाइयां छू रहा है। मुझे गर्व है कि मैं सनावर का स्टूडेंट रहा हूं। आज इस स्कूल के छात्र राजनीति, बिजनेस, फिल्म इंडस्ट्री, रक्षा क्षेत्रों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कामना की, कि स्कूल का नाम यूं ही रोशन होता रहे।

हेडमास्टर ने गिनाई उपलब्धियां

इससे पहले स्कूल के हेडमास्टर प्रवीण वशिष्ठ ने वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी और स्कूल की शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक व अन्य उपलब्धियों का ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि यह स्कूल पिछले वर्ष पांचवे पायदान पर था, जो इस वर्ष एक पायदान चढ़कर चौथे स्थान पर आ गया है। एजुकेशनल वल्र्ड पत्रिका के सर्वे के मुताबिक सनावर एकेडमिक रेपुटेशन में पांचवे स्थान पर है।

कांग्रेसी नेत्री के घर शूट हुई अश्लील मूवी

अजमेर रामगंज इलाका स्थित जोंसगंज निवासी दो युवकों ने इलाके की ही कॉलेज छात्रा को एक कांग्रेसी नैत्री के घर बुलाकर षड्यंत्रपूर्वक अश्लील मूवी शूट कर ली। पीड़िता की रिपोर्ट पर दोनों युवकों के खिलाफ रामगंज थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी फरार हैं।

एसएचओ मनोज गुप्ता के अनुसार पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि रवींद्रसिंह उर्फ रवि और विक्रमसिंह उर्फ विक्की 15 अगस्त को उसे धोखे से जोंसगंज में किसी मकान पर ले गए। वहां दोनों ने जबरन अश्लील हरकतें कीं और उसे कमरे में पहले से सेट किए खुफिया कैमरे से शूट कर लिया। कुछ दिनों बाद रवि ने मोबाइल के जरिए एमएमएस दिखाकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बात नहीं मानने पर दोनों ने एमएमएस सार्वजनिक करने की धमकी दी। इससे परेशान होकर पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

कांग्रेस नेत्री का था मकान

एसएचओ के मुताबिक तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि जोंसगंज स्थित जिस मकान में अश्लील मूवी शूट की गई, वह किसी कांग्रेसी नेत्री का है। आरोपी युवक रवि वैन चालक है और विक्रम सिंह फोटोग्राफी का काम करता है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 384 और 120 बी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

प्रचार में वाजपेयी आडवाणी मोदी छाए रहेंगे

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 13 अक्टूबर को तीन राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में वोट हासिल करने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की तिकड़ी का इस्तेमाल करने जा रही है। अस्वस्थता के कारण 84 वर्षीय वाजपेयी अप्रैल-मई में हुए लोकसभा चुनाव में खड़े नहीं हुए थे। इसलिए पार्टी महाराष्ट्र, हरियाणा और आंध्र प्रदेश में होने वाले चुनावों में प्रचार के लिए वाजपेयी के रिकॉर्ड किए गए भाषणों की ऑडियो सीडी और कैसेट्स का उपयोग करेगी।भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने बताया, चुनाव प्रचार के दौरान लोगों के बीच वाजपेयी के भाषणों की सीडी व कैसेट्स बांटे जाने के साथ उनके रिकॉर्ड किए भाषणों को चलाया जाएगा।पार्टी वाजपेयी के करिश्मे को भुनाना चाहती है। वह खासतौर पर महाराष्ट्र में ऐसा करना चाहती है जहां वह पिछले एक दशक से शासन कर रहे कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी गठबंधन को परास्त कर स्वयं शिव सेना गठबंधन के साथ सत्ता में आना चाहती है। इन चुनावों में भाजपा के साथ उसके मजबूत नेता प्रमोद महाजन भी नहीं है। साल 2006 में उनकी हत्या कर दी गई थी।महाराष्ट्र में भाजपा के पोस्टरों में वाजपेयी का चेहरा खासतौर पर नजर आ रहा है।पार्टी नेता ने कहा, वाजपेयीजी प्रचार कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो सकेंगे इसलिए हमने तय किया है कि उनके अपीलों और कविताओं को प्रेस विज्ञप्तियों के रूप में लोगों के बीच पहुंचाया जाए।वाजपेयी के अलावा प्रचार के लिए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष आडवाणी, मोदी व वरूण गांधी का इस्तेमाल किया जाएगा। वरूण गांधी पीलीभीत से सांसद हैं। पिछले लोकसभा चुनावों में प्रचार के दौरान दिए गए उनके भाषणों ने विवाद खड़ा कर दिया था।भाजपा नेता ने कहा, वरूण गांधी भी हमारे लिए प्रचार करेंगे।


गैर भाजपाई-कांग्रेसी समूह का नेतृत्व करेंगे जसवंत

भाजपा से निष्कासित नेता जसवंत सिंह संसद में गैर भाजपाई, गैर कांग्रेसी सांसदों के समूह का नेतृत्व करेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री और ''लोक मोर्चा'' समूह के समन्वयक दिग्विजय सिंह ने बताया, हम एक समूह बना रहे हैं और गंभीर विपक्ष की भूमिका निभाएंगे।सिंह ने बताया कि समूह के उपनेता झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी होंगे जो चतरा से सांसद हैंं उन्होंने कहा कि अगस्त में मुंबई में संपन्न बैठक में उन्हें मोर्चा का अखिल भारतीय समन्वयक चुना गया। एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि कुछ अन्य निर्दलीय सांसद भी समूह के संपर्क में हैं। ये सांसद महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में कुछ सीटों से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। कोल्हापुर से सांसद राजू शेट्टी भी समूह से जुड़े हैं और विधानसभा चुनावों में पार्टी का नेतृत्व कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि प्रभाष जोशी और एम जे अकबर जैसे प्रख्यात पत्रकार भी इससे जुड़े हैं। पूर्व में जद (यू) में रहे दिग्विजय सिंह बिहार में बांका सीट से निर्दलीय निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि समूह के सभी सदस्य जल्द ही लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार से मुलाकात कर उनसे अनुरोध करेंगे कि सदन में उनके समूह को एक अलग समूह समझा जाए। निष्कासन के बाद जसवंत सिंह ने यह स्पष्ट कर दिया था कि वह भाजपा में वापस नहीं जाएंगे। उन्होंने कहा था कि उनके पुत्र मानवेंद्र सिंह भी खुद को पार्टी से अलग रखेंगे।

सोनिया का महाराष्ट्र अभियान एक दिन टला

महाराष्ट्र में 13 अक्तूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के अभियान को राज्य के विभिन्न इलाकों में एक दिन टाल दिया गया है। पूर्व के कार्यक्रम के अनुसार सोनिया गांधी को पांच अक्तूबर को नासिक और नांदेड में चुनावी सभा को संबोधित करना था। इसके अलावा उन्हें छह अक्तूबर को बुल्धाना, जामनेर और मुम्बई में भी रैली में हिस्सा लेना था। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के महासचिव संजय दत्त ने कहा, कांग्रेस अध्यक्ष नासिक और नांदेड में छह अक्तूबर तथा बुल्धाना, जामनेर और मुम्बई में सात अक्तूबर को चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।

राजे की वजह से छोड़ी एमएनएस : प्रधान

ठाणे के प्रथम महापौर सतीशचंद्र प्रधान ने कहा कि उन्होंने पार्टी उम्मीदवार राजन राजे की मराठी विरोधी मनोवृत्ति की वजह से महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना को छोड़ा। राजे ठाणे विधानसभा खंड से चुनाव लड़ रहे हैं। प्रधान ने आज यहां संवाददाताओं से कहा, मैंने राजन राजे की मराठी विरोधी मनोवृत्ति के कारण पार्टी छोड़ी।