Friday, January 16, 2009

सांचोर विधायक चौधरी का मुंबई में अभिनंदन कल

सांचोर के विधायक जीवाराम चौधरी के लगातार दूसरी बार विधायक बनने पर छत्तीस कौम एकता परिषद मुंबई द्वारा भव्य अभिनंदन समारोह रखा गया है। यह समारोह 18 जनवरी सांय 5 स ð9 बजे तक माधव बाग वाड़ी सी. पी. टैक मुंबई में आयोजित होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रताप सिंह राठौड़ प्रधान संचार होगें। विशेष अतिथियों में भावा राम पुरोहित, उपप्रधान (सांचोर), धूडा राम पुरोहित सरपंच, बालेरा चुन्नीलाल पुरोहित, खेज डियाली, मारथा राम देवासी, पिरा राम पुरोहित, भगवान राम माली, सवाई राम जाट, बाबुलाल पालडिया, एडवोकेट संचौर मोतीराम चौधरी, चेयर मेन कृषि मंडी सांचोर , रामसिंह ( सारणिम), कनुराम पुरोहित, सरपंच पालडी, महानंद राठी सांचोर, धर्माराम सुथार सरपंच सेसावा, नानजीराम कोली जिला परिषद सदस्य आदि शिरकत करेंगे। परिषद ने सभी से अपील की है कि अधिक संख्या में पधारकर आयोजन को सफल बनावे।

राज्य को प्रदूषण मुक्त बनाएं : गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की जनता से ``प्रदूषण मुक्त राजस्थान'' बनाने का आह्वान किया है।पवित्र तीर्थ राज पुष्कर में राष्ट्रीय झील संरक्षण योजना के अंतर्गत पुष्कर सरोवर के संरक्षण, जीर्णोद्धार तथा सौन्दर्यकरण परियोजना के कार्यो का शुभारंभ करते समय उन्होंने यह आह्वान किया।गहलोत ने आम जनता से पुष्कर की पवित्रता को बनाए रखने, धार्मिक क्रिया कलापों के निर्वहन तथा यहां गन्दगी न फैले इस बात के लिए जनजागृति पर जोर दिया। उन्होंने सरकार की ओर से पुष्कर के सम्पूर्ण और बहुमुखी विकास का भरोसा दिलाया ।इस अवसर पर केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री नमोनारायण मीणा ने कहा कि पुष्कर के लिए पैसे की कमी नहीं आने दी जायेगी।देश में कुल 56 झीलों के लिए सरकार ने 772 करोड़ रूपये स्वीकृत किये है। राजस्थान में पांच झीलों के सौन्दर्यकरण का काम प्रगति पर है तथा छठी पिछोला झील के लिए 85 करोड़ स्वीकृत किये जा चुके है। मीणा ने बताया कि ग्यारहवीं पंचवर्षीय योजना में प्रदेश की 11 झीलों के संरक्षण तथा सौन्दर्यकरण के प्रस्ताव केन्द्र सरकार के पास मौजूद है जिनकी परियोजना रिपोर्ट बनाने का काम चल रहा है। इससे पूर्व गहलोत ने पुष्कर सरोवर के सुप्रसिद्ध गऊ घाट पर वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना की।गहलोत ने दुग्धाभिषेक और सरोवर के विहंगम दृश्य का अवलोकन भी किया।गहलोत ने प्राचीन प्राचीन ब्रह्मा मंदिर में सृष्टि के रचयिता भगवान ब्रह्मा के दर्शन कर आरती उतारी ।बाद में मीणा ने सांयकाल प्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह की जियारत की व पवित्र मजार पर लाल रंग की मखमली चादर एवं अकीदत के फूल पेश किये। उन्होंने गरीब नवाज से राज्य की खुशहाली, अमन चैन के लिये दुआ मांगी।

खड़गदा में मालवीय व भगोरा का स्वागत

डूंगरपुर जिले के खड़गदा गांव में कांग्रेस इकाई द्वारा जनजाति क्षेत्रिय विकास मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीय, जिला प्रमुख ताराचंद भगोरा एवं जिलाध्यक्ष शंकर यादव का तिलक व माल्यार्पण कर स्वागत किया। युवाओं ने दिया समानता मंच की मांगों को पूरा करने का ज्ञापनखड़गदा में महेंद्रजीत सिंह मालवीय को समानता मंच की मांगों को पूरा करने एवं जनजाति उपयोजन क्षेत्र में सर्वे कर सामान्य वर्ग की वास्तिवीक स्थिति को दर्शाने की मांग का ज्ञापन कमलेश भट्ट, अरविंद देव, शिवनारायण भट्ट, रीतेश जैन, हर्षित भट्ट, अनुपम भट्ट, दीपेश भट्ट आदि युवाओं ने सौंपा।सभी जगह समानता मंच ः खड़गदा के युवाओं ने जैसे ही काबिना मंत्री मालवीय से समानता मंच की मांग की तो उन्होंने बात काटते हुए कहा कि मैं आज क्षेत्र में जहां-जहां से भी गुजरा हूं वहा समानता मंच की ओर से ज्ञापन दिए गए है। समानता मंच की मांग वाजिब है तथा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से चर्चा कर जल्द ही इसका निराकरण किया जाएगा।

Thursday, January 15, 2009

वसुंधरा राजे की राजनैतिक बलि

भैरोसिंह शेखावत को मनाने की भी कोशिशें चल रही है और भाजपा नेताओं का एक बड़ा वर्ग यह मन भी बना चुका है कि शेखावत को प्रसन्न करने के लिए भूतपूर्व मुख्यमंत्री और प्रतिपक्ष के नेता वसुंधरा राजे की राजनैतिक बलि चढ़ा दी जाए।राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने पहले ही वसुंधरा के खिलाफ सैकड़ों करोड़ रूपए के आर्थिक घोटाले में आपराधिक मामला दर्ज करने का आदेश दे दिया है। यह आदेश इस संबंध में शेखावत द्वारा लिखे गए पत्र के बाद ही दिया गया। अगर शेखावत वसुंधरा राजे की बलि चढ़ने के बाद खामोश हो जाते हैं और लालकृष्ण आडवाणी के लिए कोई खतरा नहीं बनते तो पार्टी उन्हें औपचारिक रूप से अपना मार्गदर्शक बनाने के लिए तैयार है।इसी चक्कर में भैरोसिंह शेखावत की राजनीतिक मुहिम की टोह लेने में राजनीति के कई दिग्गज लग गए हैं। भाजपा के कई नए पुराने धाकड़ नेता उनसे दुआ-सलाम के बहाने संपर्क साध रहे हैं। सक्रिय राजनीति में शेखावत की वापसी दूरगामी राजनीतिक परिणाम के संकेत दे रहे हैं। पूर्व उप राष्ट्रपति की इस मुहिम का दायरा सिर्फ वसुंधरा तक है या फिर आगे यह पता लगाने के लिए भाजपा नेता सिर खपा रहे हैं। इसी सिलसिले में भाजपा उपाध्यक्ष यशवंत सिन्हा और वाजपेयी के दत्तक दामाद रंजन भट्टाचार्य शेखावत से मिले।भाजपा से अलग-थलग किए गए नेता अपनी ताकत को शेखावत से जोड़ कर भाजपा और आडवाणी के खास लोगों को चुनौती देना चाह रहे हैं। भाजपा के थिंक टैंक रहे गोविंदाचार्य इसी सिलसिले में शेखावत से मिले। सूत्रों का कहना है कि पिछले दो दिनों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल, भाजपा की फायर ब्रांड नेता उमा भारती, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबू लाल मरांडी ने फोन पर शेखावत से बातचीत की है। भाजपा से नाराज चल रहे उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह दिल्ली आए लेकिन शेखावत से कोई बातचीत नहीं की।अलबत्ता उन्होंने शेखावत की बातों का समर्थन कर अपनी मंशा का इजहार जरूर किया। जेडीयू नेता दिग्विजय सिंह, भाजपा में अलग-थलग पड़े मदन लाल खुराना, लोक सभा के पूर्व अध्यक्ष पीएस संगमा ने भी शेखावत से बात की है। शेखावत के नजदीकियों का कहना है कि दक्षिण भारत से भी विभिन्ना पार्टियों के नेताओं ने फोन पर शेखावत से बातचीत की है लेकिन नाम का खुलासा नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि टीडीपी, एआईएडीएमके के कुछ नेताओं ने फोन पर शेखावत से बातचीत की है।

समाजवादी कार्यकर्ताओं पर चली लाठियां

उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती के 53वें जन्मदिन का गुरूवार को यहां विधानसभा के सामने विरोध कर रहे समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां चलाई तथा बीस से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।मुख्यमंत्री के जन्मदिन को थू-थू दिवस के रूप में मनाने के लिए सपा के कार्यकर्ता विधानसभा भवन के पास जमा हुए। सपा कार्यकर्ता पिछले 24 दिसंबर को औरेया में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता एमके गुप्ता की हत्या का कारण जन्मदिन के लिए जबरन वसूली बता रहे हैं।लाठीचार्ज की निंदा करते हुए सपा के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने कहा कि राज्य में अराजकता की स्थिति है तथा पुलिस बेलगाम हो गई है। मुख्यमंत्री के इशारे पर पुलिस का रवैया सपा कार्यकर्ताओं पर दमनात्मक है। उन्होंने कहा कि सरकार सपा कार्यकर्ताओं के साथ आतंकियों जैसा व्यवहार कर रही है।यादव ने संवाददाताओं के साथ बात करते हुए कहा कि लोकसभा के आगामी चुनाव में जनता बसपा को अच्छा जवाब देगी। विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर राज्य के अधिकतर जिलों में निषेधाज्ञा लागू की गई है। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के अलावा अन्य दलों ने भी मुख्यमंत्री के जन्मदिन को विरोध दिवस के रूप में मनाया।

मायाबती के जन्मदिन पर जमा की दुगनी राशि

जबरन वसूली के विपक्ष के दावे को खोखला बताते हुए उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती ने गुरूवार को अपने 53वें जन्मदिन पर कहा कि कार्यकर्ताओं ने इस साल सहयोग के रूप में पिछले साल की अपेक्षा दुगुनी राशि जमा की है।पूरे विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने यहां अपने सरकारी आवास पर संवाददाताओं के साथ बातचीत में कहा कि उनके जन्मदिन पर जबरन वसूली का विपक्ष के आरोप में कोई दम नहीं है। उनका जन्मदिन हर साल वित्तीय सहयोग के रूप में मनाया जाता है और यह साल भी कोई अपवाद नहीं है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से मिली पिछले साल की अपेक्षा इस साल की दुगुनी राशि से वह खुश है और इसका इस्तेमाल लोकसभा के आगामी चुनाव में किया जाएगा। उनके जन्मदिन पर यहां बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारी, बसपा के मंत्री और विधायक तथा पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। मायावती का जन्मदिन इस साल अपेक्षाकृत फीका रहा और हर साल की तरह केक नहीं काटे गए और ना ही उन्होंने चमकते हीरों के जेवरात पहने थे, लेकिन वह अपनी पसंदीदा गुलाबी पोशाक पहने हुए थीं। उन्होंने अपने जन्मदिन पर सड़क, पुल निर्माण और बालिकाओं के लिए कुछ योजनाओं समेत 35 योजनाओं की घोषणा की।समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी पर निचले दर्जे की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए मायावती ने कहा कि उनकी सरकार के खिलाफ इन दलों का षड्यंत्र बेनकाब हो गया है और बसपा तेजी से आगे बढ़ रही है।

समाजवादी पार्टी में जाने का अब तक नहीं सोचा : संजय दत

समाजवादी पार्टी के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने के मुद्दे पर अपनी बहन प्रिया दत्त के साथ मतभेद के एक दिन बाद अभिनेता संजय दत्त ने बृहस्पतिवार को कहा कि राजनीति में आने के बारे में उन्होंने अब तक निर्णय नहीं किया है।राहुल ढोलकिया की फिल्म ``लम्हा'' की शूटिंग के लिए कश्मीर आए संजय ने कहा कि मैंने राजनीति में आने के लिए अब तक निर्णय नहीं किया है।कांग्रेस सांसद प्रिया दत्त ने बुधवार को अपने अभिनेता भाई संजय दत्त के समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने पर निराशा जताई थी और कहा था कि उनके पिता कांग्रेसी थे और परिवार हमेशा कांग्रेस से जुड़ा रहा।संजय ने कहा कि उनके दिवंगत पिता सुनील दत्त राजनेता से ज्यादा एक सामाजिक कार्यकर्ता थे और उन्होंने राजनीति के माध्यम से लोगों की सेवा की।बालीवुड अभिनेता ने कहा कि नए साल के संकल्प के रूप में धूम्रपान एवं शराब छोड़ दी है। दत्त ने कहा कि नए साल पर मैंने धूम्रपान एवं शराब छोड़ दी है। अब देखते हैं भविष्य में क्या होता है।बालीवुड में कदम रखने के साथ ही विवादों में घिरे रहने वाले अभिनेता ने अहिंसा एवं गांधीगिरी की शपथ ले रखी है। उन्होंने कहा कि मुन्नाभाई श्रृंखला की अगली फिल्म का निर्माण 2010 में हो सकता है क्योंकि अभी तक स्क्रिप्ट सहित किसी भी चीज को अंतिम रूप नहीं दिया गया है। यह पूछने पर कि उनकी जिंदगी का सबसे कठिन दौर कौन सा रहा तो दत्त ने कहा कि उनकी पूरी जिंदगी कठिनाईयों से भरी रही। उन्होंने कहा कि लेकिन मेरा मानना है कि मुंबई बम विस्फोट मामले में सजा सबसे कठिन दौर रहा।