Monday, October 12, 2009

कांग्रेस नेत्री सहित चार जेल भेजे

अजमेर। कॉलेज छात्रा का अश्लील एमएमस बनाने के मामले में आखिरकार जिला पुलिस ने कांग्रेस की पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष को भी धर दबोचा। पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मी नायक पर षड्यंत्र पूर्वक पीडिता को धमका कर पैसा वसूली का आरोप है। इस मामले में उसका बेटा पवन नायक पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस ने नायक, उसके पुत्र व प्रमुख आरोपी सहित चार जनों को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अश्लील फिल्म बनाने के मामले में अब अग्रिम अनुसंधान सहायक पुलिस अधीक्षक राहुल प्रकाश करेंगे।
प्रकरण के मुख्य आरोपी विक्रम सिंह कुशवाह उर्फ विक्की और रविन्द्र कुमार ने पवन, अन्नू, गच्जू, बंटी और सोनू के साथ मिलकर 15 अगस्त को लक्ष्मी नायक के घर में कॉलेज छात्रा की अश्लील फिल्म बनाई। पुलिस ने अनुसंधान के दौरान उजागर तथ्यों के आधार पर षड्यंत्र पूर्वक धमका कर पैसा वसूली के मामले में बलात्कार, अश्लीलता फैलाने, महिला अशिष्ट रूपेण अघिनियम और सूचना एवं प्रौद्योगिकी अघिनियम की धारा बढा दी। पुलिस को अब इस मामले में गज्जू, अन्नू, सोनू और बंटी की तलाश है।
रात भर घेराबंदी
लक्ष्मी नायक की धरपकड के लिए रामगंज थाना पुलिस ने सोमवार रात घेराबंदी की। रातभर नायक का मकान घेरे बैठी पुलिस ने मंगलवार सुबह उसे गिरफ्तार किया। नायक की निशानदेही पर उसके घर से बलात्कार में प्रयुक्त चादर भी बरामद की गई। लक्ष्मी नायक की तस्दीक पर मौका-नक्शा तैयार करके पुलिस ने उसके बयान भी दर्ज किए।
कांग्रेस नेत्री का टूटा संयम
मीडिया के कैमरों की चकाचौंध के बीच कांग्रेस नेत्री लक्ष्मी नायक च्यों ही अदालत पहुंची उसका संयम टूट गया। नायक अनर्गल वार्तालाप करने लगी। उसने खुद को कांग्रेस का सिपाही बताकर संगठन का गुणगान करने की भी कोशिश की। फोटो खिंचने से नाराज नायक ने प्रेस फोटोग्राफरों पर व्यंग भी किए।

मंत्री का जिला भी नहीं अछूता

जयपुर। सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग भले ही छात्रवृत्ति में घपलेबाजी के अपने ही अधिकारियों के कारनामे का पता नहीं लगा पाया हो, लेकिन भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को जांच में करौली व सवाई माधोपुर समेत प्रदेश के छह जिलों में गडबडी के संकेत मिले हैं। इनमें विभाग के राज्य मंत्री रामकिशोर सैनी का गृह जिला दौसा भी शामिल है।
ब्यूरो महानिदेशक एम.के. देवराजन ने बताया कि छात्रवृत्ति देने में गडबडी की जांच चल रही है, करौली और सवाई माधोपुर के साथ ही भरतपुर, दौसा, धौलपुर व अलवर जिलों में भी गडबडी का अंदेशा है। उन्होंने बताया कि इन जिलों में गडबडी को पकडने के लिए तह तक जाने के लिए कहा है, जिला कलक्टरों से भी अपने स्तर पर गडबडी का पता लगाने को कहा है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी गडबडी का पता लगाया जाएगा।
मंत्री भी बरसेउधर, सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री रामकिशोर सैनी ने सोमवार को विभाग के प्रदेशभर के अधिकारियों की बैठक में कहा कि यह हो क्या रहा है, कहीं छात्रवृत्ति में गडबडी की शिकायत मिल रही है तो कहीं बच्चों की रोटी में कीडे निकल रहे हैं, यह स्थिति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सैनी ने विभाग के उप निदेशकों, सहायक निदेशकों तथा जिला परीवीक्षा व समाज कल्याण अधिकारियों की बैठक में जिला छात्रावासों में मूवमेंट रजिस्टर रखने को भी कहा। विभाग की प्रमुख सचिव मालोविका पवार ने उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।

डरो मत, हिम्मत करो, आगे बढ़ो

सरकार की मंशा अंकेक्षण से किसी को भयभीत करना नहीं बल्कि सिस्टम को साफ करना है।

इसे आगे बढ़कर अपनाने में हिम्मत दिखानी होती है। यह हिम्मत सरकार ने उठाई। सरकार इसके लिए बधाई की पात्र है। केंद्र की यूपीए और राज्य दोनों सरकारों के कृत संकल्प से एक दिन सफलता अवश्य मिलेगी। यह बात सोमवार को कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव भंवर जितेंद्र सिंह ने कही। वे सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गांव में श्रमदान करने के बाद ही आम आदमी को श्रम का महत्व पता लगता है। हमने राहुल गांधी के साथ गांवों में जाकर श्रमदान किया तो तब मन को संतोष मिला। उन्होंने कहा कि अंकेक्षण की यह प्रक्रिया सभी जगह रोशनी फैलाएगी। जब तक युवा आगे नहीं आए, देश तरक्की से दूर रहेगा। इस लिए कांग्रेस युवाओं को मौका देकर आगे बढ़ाना चाहती है।
राज्य के चिकित्सा एवं स्थास्थ्य मंत्री एमादुद्ीन अहमद खान दुरु मियां ने कहा कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन पर 13 सौ करोड़ रुपए खर्च कर रही है। गांव-गांव में स्वास्थ्य के प्रति चेतना लाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। योजना के तहत गांव में ही ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

जिले के प्रभारी और ऊर्जा मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा कि नरेगा ने गांवों में पलायन रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे प्रयास किए जाने चाहिए कि श्रमिकों को समय पर भुगतान मिल सके। नरेगा में कमियां सामने आ रही है वह सभी लगभग अज्ञानता के कारण ही रही है। उन्होंने कामना की कि जिस तरह आंध्र प्रदेश पैटर्न को देश में ख्याति मिली, भीलवाड़ा के अंकेक्षण को भी वैसा ही नाम मिले।
कार्यक्रम में मैग्सेसे अवार्ड विजेता अरूणा राय ने कहा कि सूचना के अधिकार से आम आदमी में अभिव्यक्ति का अधिकार आया। उन्होंने कहा कि ताली दोनों हाथ से बजती है यह हर बार सरकार को याद दिलाना पड़ता है। यह हमारे लिए शर्मिदगी की बात है कि आज भी देश में लोग भूख और गरीबी के कारण मर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंकेक्षण के नतीजों का फोलोअप करना होगा। अंत में सीईओ मोहनलाल शर्मा ने कहा कि ऑडिट जवाबदेही की होनी चाहिए। उन्होने सामाजिक अंकेक्षण में शामिल जिले के सभी 350 लोगों से हमेशा तैयार रहने को कहा। कार्यक्रम का संचालन भंवर मेघवंशी ने किया।

कार्रवाई की मांग

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला महामंत्री लादूलाल तेली नरेगा के सामाजिक अंकेक्षण में दोषी पाए गए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कंेद्रीय मंत्री डा. सीपी जोशी और खनिज राज्य मंत्री रामलाल जाट के गबन राशि जमा करवाने पर क्षमा देने के बयान की निंदा की गई है।

Sunday, October 11, 2009

झारखंड में नक्सलवादियों ने मचाया तांडव

रांची। नक्सलियों ने केंद्र सरकार द्वारा नक्सली आंदोलन रोकने के लिए शुरू किए गए ऑपरेशन के विरोध स्वरूप दो दिन बिहार झारखंड में बंद का ऐलान किया है। बंद को अंजाम देते हुए झारखंड के बोकारो में नक्सिलयों ने रेल ट्रैक उड़ा दिया है।माओवादियों ने गिरिडीह के इसरी क्षेत्र में रात एक बजे 3 ट्रकों में आग लगा दी वहीं 12 सशस्त्र नक्सलियों ने डुमरी को जीटी रोड़ से जोड़ने वाले रेल पुल को विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया। इसरी क्षेत्र में नक्सलियों ने पेड़ रखकर ट्रॉफिक रोक दिया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार इस क्षेत्र में नक्सिलयों ने हवाई फायरिंग भी की है। माओवादियों ने गिरिडीह के पारसनाथ एरिया में पोस्टर भी चिपकाए हैं। नक्सलियों के बंद को देखते हुए पुलिस और सुरक्षाबलों को चौकन्ना कर दिया गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री से रंगदारी की मांग

पटना. लगता है बिहार में अपराधी एक बार फिर सक्रिय हो गए है,और नीतिश कुमार के सुशासन को खुले तौर पर चुनौती देने लगे है। इसकी एक बानगी तब देखने को मिली जब अपराधियों ने भागलपुर के बांका में विधान पार्षद मनोज यादव के मोबाइल पर एसएमएस कर मुख्यमंत्री से ही 1 करोड़ रूपए की रंगदारी की मांग कर डाली। विधान पार्षद मनोज ने वहां के एक अखबार को इस बात की जानकारी देते हुए बताया की किसी ने उनके मोबाइल पर एसएमएस से रंगदारी मांगी है।

न सिर्फ नीतिश कुमार बल्कि विधायक मनीष चौधरी और खुद उनसे एक-एक करोड़ की रंगदारी मांगी गई है। रंगदारी न देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी है। इस घटना की सूचना उन्होंने सीएम हाउस को दे दी है। इस मामले मैं पुलिस में एफआईआर दर्ज कर ली गई है,पुलिस पार्षद के मोबाइल को कब्जे में कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियो ने मामले की पुष्ठी करते हुए बताया की पार्षद से रंगदारी की मांग की गयी है ,जिसकी जाँच चल रही है। जाँच में पता चला है की एसएमएस भागलपुर जिला के किसी स्थान से की गयी है। एसएमएस भेजने वालो को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा ।

माकपा ने जारी किए मंत्रियों के लिए सादगी के दिशानिर्देश

नई दिल्ली. माकपा पोलित ब्यूरो की रविवार को हुई बैठक में पार्टी शासित राज्यों में मंत्रियों के लिए दिशानिर्देश और सादगी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। सूत्रों के मुताबिक कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्रियों की कार्यप्रणाली को लेकर की गई शिकायतों के बाद पोलित ब्यूरो ने मंत्रियों और संसदीय स्तर पर दिशानिर्देश तैयार किए हैं, जिसमें क्या करना है’ और ‘क्या नहीं’ को शामिल किया है।

बताया जाता है कि दिशानिर्देशों में मंत्रियों को अपने नजदीकी रिश्तेदारों को स्टाफ में शामिल नहीं करने की ताकीद की गई है। यदि आवश्यकतावश वे ऐसा करते हैं तो इसके लिए उन्हें आला नेतृत्व से इजाजत लेनी होगी। इन प्रस्तावों को केंद्रीय समिति के पास भेजा जाएगा, जिसकी बैठक माह के अंत में होनी है।

बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य भी उपस्थित थे। पोलित ब्यूरो की पिछली बैठकों से वे नदारद रहे थे। पोलित ब्यूरो सदस्य एमके पंधे ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि पार्टी में चल रही सभी गलत परंपराओं को सुधारा जाएगा और यह प्रक्रिया हर स्तर पर चलेगी।

हां, मैं बाहुबली

अजमेर। बाहुबली नेता और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने अपने राजनीति में औचित्य को सही ठहराने के लिए राजनेताओं पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्विस बैंक में खाते रखने और हजारों करोड रूपए के घोटाले करने वाले अच्छे लोग तो नहीं हो सकते। फिर हमें बाहुबली क्यों कहा जाता है।
यादव ने रविवार को यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गरीब की मदद करने वाला दुनिया की नजर में यदि बाहुबली कहलाता हो तो मैं बाहुबली हूं। आज यदि झांसी की रानी होतीं तो वे दुनिया की नजर में फूलन देवी बन जातीं, सुभाष चंद्र बोस और भगत सिंह होते तो वे बाहुबली कहलाते। यादव ने ख्वाजा मोइनद्दीन चिश्ती की दरगाह में माथा टेका। जियारत के दौरान उनके साथ कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के शहर अध्यक्ष आरिफ हुसैन, सुकेश कांकरिया, महेश ओझा तथा हाफिज खान आदि थे। अंजुमन कार्यालय में सचिव महमूद-उल-हसन चिश्ती एवं सदस्य मुनव्वर चिश्ती ने उनकी दस्तारबंदी की।