कांग्रेस के स्टार प्रचारक एवं महासचिव राहुल गांधी ने सोमवार को जिले के शाहपुरा कस्बे में अब तक की सबसे बड़ी सभा को संबोधित करते हुए जनता से लोकसभा चुनाव में डॉ. सी.पी. जोशी को जीताने की अपील करते हुए कहा कि जोशी, गहलोत तथा वे स्वयं भीलवाड़ा के विकास को मूर्त रूप देंगे। राहुल गांधी ने भाजपा को ज्यादा घेरने की बजाय अपना भाषण विकास पर केन्द्रित रखा। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ऐसे नये भारत के निर्माण के लिये संकल्पित है जिसमें हर समाज, धर्म व वर्ग के लोग शामिल हो। किसान व मजदूर को देश के विकास में नींव की ईंट बताते हुए राहुल ने कहा कि कुछ ताकतें भारत को बांटने की साजिश कर रही है ऐसे लोगों को लोकसभा चुनाव में जवाब देना है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनिन्दा बड़े लोगों की प्रगति को देश की प्रगति बता कर भारत को बांटने की राजनीति कर रही है यह दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि देश का सही मायने में विकास करना है तो किसान व मजदूर की ताकत को साथ लेकर चलना होगा। उन्होंने डॉ.सी.पी.जोशी को अच्छा राजनेता बताकर उन्हें जीताने की अपील करते हुए कहा कि डॉ.जोशी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वे स्वयं भीलवाड़ा के विकास को मूर्त रूप देंगे। सभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आने के बाद हर वर्ग के विकास की योजनाऐं बनाई गयी है। किसानों को बिजली की दरें नहीं बढ़ाने की सौगात दी और हर परिवार को रोजगार मुहैया कराने के कदम उठाये। सभा में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष व कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.सी.पी.जोशी ने कहा कि उन्होंने भीलवाड़ा की समस्याओं को बारीकी से समझा है जिनका समाधान वे करना चाहते है खासकर जिले में पेयजल, सिंचाई व उद्योगों के लिये पानी की व्यवस्था करना उनकी प्राथमिकता है। ऊर्जा मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा कि किसानों को सस्ती व पर्याप्त बिजली मिले इसके प्रयास किये जा रहे है। सभा को संबोधित करते हुए वन, पर्यावरण व खनिज राज्यमंत्री रामलाल जाट ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी डॉ.जोशी को भरपूर समर्थन दे ताकि दिल्ली के दरबार में भीलवाड़ा की हर समस्या को पूरजोर तरीके से उठाकर समाधान किया जा सके। सभा को कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैलाश व्यास पूर्व मंत्री रतनलाल ताम्बी, विधायक कैलाश त्रिवेदी, प्रदीप कुमार सिंह, पूर्व विधायक पराक्रम सिंह, एनएसयूआई पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धीरज गुर्जर, पूर्व प्रधान सम्पत सिह, बनेडा ब्लॉक अध्यक्ष याकूब खां कायमखानी सहित कई पदाधिकारियों ने संबोधित किया। आरम्भ में राहुल गॉधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सभा स्थल पर पहुंचने पर प्रदेश प्रतिनिधि रामपाल शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष मधू जाजू, जिला महामंत्री दुर्गेश शर्मा, डॉ. गजेन्द्र सिंह, मदन यादव, पूर्व विधायक भंवरलाल जोशी, विधायक महावीर मोची, गजराजसिंह राणावत, सहित अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता ने उनका जोरदार स्वागत किया।राहुल गांधी ने संबोधन में सबसे पहले मुकुल वासनिक बाद में सी.पी. जोशी, तीसरे नम्बर पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, जिलाध्यक्ष कैलाश व्यास और मंत्री रामलाल जाट का नाम भी लिया।राहुल ने मेवाड़ी पगड़ी पहनकर सभा को संबोधित किया। उन्हें रामलाल जाट और सम्पत सिंह ने फड़ पेन्टिंग भी भेंट की। सभा को संबोधित करने वालों में रामलाल जाट, जितेन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, महावीर मोची, सम्पत सिंह, कैलाश व्यास, रतनलाल ताम्बी, कैलाश त्रिवेदी, हरिमोहन, देवेन्द्र सिंह आदि शामिल थे। संचालन दुर्गेश शर्मा ने किया।५० हजार से ज्यादा लोग उमड़ेशाहपुरा । कांग्रेस की ओर से चुनाव प्रचार में जान फूंकने के लिये आयोजित सभा में कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त उत्साह दिखाया। सभा स्थल पर करीब ५० हजार से ज्यादा लोग राहुल को सुनने पहुंचे। लोगों की भीड़ देखकर जनप्रतिनिधियों का जोश भी परवान पर था। राहुल के आने की इन्तजार में लोगों की निगाहें हैलीकॉप्टर की ओर लगी रही। सभा स्थल पर हैलीकॉप्टर की आवाज के साथ ही लोगों का इंतजार खत्म हुआ, दूसरे हेलीकॉप्टर से राहुल वहां पहुंचे। शाहपुरा में दो हैलीकॉप्टर सभा स्थल पर, दो बस स्टेण्ड पर उतरें। हैलीपेड से राहुल ने सभा स्थल पर पहुंचकर जब माईक पकड़ा तो उन्होंने सबसे पहले गर्मी में वहां पहुंचने वाले लोगों का आभार जताया।बल्लियां टूटी - सभा स्थल पर राहुल गांधी पहुंचे तो लोगों में उन्हें देखने के लिए जोश पैदा हो गया और वह आगे बढऩे लगे। इसी के चलते सुरक्षा के लिए लगाई गई कई बल्लियां भी टूट गई और टीवी कैमरामैनों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
No comments:
Post a Comment