Wednesday, January 21, 2009

वीर प्रताप का जीवन सदैव प्रेरणास्पद : विधायक कल्याणसिंह चौहान

प्रातः स्मरणीय महाराणा प्रताप की 412वीं पुण्यतिथि पर सुबह से देर रात्रि तक कई कार्यक्रम सम्पन्न हुए। इस अवसर पर नाथद्वारा विधायक कल्याणसिंह चौहान ने कहा कि वीर प्रताप का जीवन सदैव प्रेरणास्पद है।चौहान ने कहा कि नाथद्वारा तहसील क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर प्रताप प्रतिमा स्थापित की जाएगी। ताकि आने वाली पीढ़ी प्रताप के आदर्शों एवं सिद्धांतों को जीवन में उतार सके। चौहान सोमवार को देर सायं प्रताप के सहयोगी रणबाकुरों की स्मारकों पर पुष्पाजंलि कर आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।प्रताप मंच मेवाड़ के तत्वावधान में आयोजित संगोष्ठी में स्वतत्रता सेनानी मदन मोहन सोमटिया, लीलाधर गुर्जर, सौभाग्यमल सिंघवी, ज्योतिषाचार्य रामदेव दीक्षित ने विचार व्यक्त किए। प्रताप मंच मेवाड़ के सचिव एडवोकेट संजय माण्डोत ने रक्त तलाई स्थित रणक्षेत्र में महाराणा प्रताप व इनके सहयोगी रणबाकुरों की प्रतिमाएं स्थापित कराने की बात कही। संगोष्ठी में शिक्षाविद् मुकेश राही ने भी विचार व्यक्त किए। आभार आयोजक प्रताप मंच मेवाड़ के अध्यक्ष कृष्णकांत पालीवाल ने व्यक्त किया।

कुराबड़ ग्राम में विधायक सम्मेलन

वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र के कुराबड़ ग्राम में कुराबड़िया भैरूजी बावजी प्रांगण में कांग्रेस के उपाध्यक्ष मेघराज स्वर्णकार द्वारा विधायक सम्मेलन का आयोजन किया गया। अध्यक्षता देहात जिला कांग्रेस अध्यक्ष छगनलाल जैन ने की। मुख्य अतिथि डॉ. गिरिजा व्यास थी। विशिष्ठ अतिथि जिला प्रमुख केवलचंद लबाना, विधायक वल्लभनगर गजेन्द्र सिंह शक्तावत, पूर्व प्रधान घनश्याम लाल दवे, करणसिंह कोठारी, ब्लॉक अध्यक्ष सुरजमल मेनारिया थे।विधायक शक्तावत ने कार्यकर्ताओं से कार्य करने के लिए सदैव तत्पर रहने का वादा किया तथा चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र से मतदाताओं के आग्रह पर अगला चुनाव डॉ. गिरिजा व्यास को लड़ाने की मांग की।डॉ. गिरिजा व्यास ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के प्रत्याशी गजेन्द्र सिंह शक्तावत को विजय बनाने पर कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। व्यास ने कहा कि इसी प्रकार लोकसभा चुनाव में भी कांग्रेस के प्रत्याशी को विजय बनाने का संकल्प कुराबड़िया भैरूजी बावजी के प्रांगण में कार्यकर्ताओं को लेना चाहिए। संचालन गिरिजा शंकर चौबिसा ने तथा धन्यवाद मेघराज सोनी ने ज्ञापित किया।

वागड़ मजदूर किसान संगठन की बैठक

सागवाड़ा नगर में वागड़ मजदूर किसान संगठन की बैठक सामुदायिक भवन सागवाड़ा में आयोजित हुई जिसके बाद रैली निकाल कर उपखण्ड अधिकारी को अपनी मांगों का ज्ञापन दिया।संगठन के संरक्षक मानसिंह सिसोदिया, संयोजक देवीलाल अहारी, गोमती प्रसाद अहारी, के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों व कार्यकर्ता ने सामुदायिक भवन से नारे बाजी करते हुए रेली निकाली। रैली के उपखण्ड कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उपखण्ड अधिकारी रामावतार शर्मा को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। ज्ञापन में अकाल राहत कार्य खुलवाने की मांग की गई वहें वन विभाग के अधिकारियों को वन अधिनियम के तहत वयक्तिगत व सामूहिक दावे तैयार कर कार्य करवाने के लिये पाबन्द करवाने की मांग की गई। इस अवसर पर हकराजी, दिनेश लिम्बोड़, शंकर भाई, पुंजीलाल डेण्डोर सहित कई कार्यकता उपस्थित थे।

देहात जिलाध्यक्ष सहित 19 कांग्रेसियों को कारण बताओ नोटिस जारी

विधानसभा चुनावों में उदयपुर जिले में परचम फहराने वाली कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष ने पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम किया तो यह आरोप आप एक बारगी पचा नहीं पाएंगे। मगर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देहात जिलाध्यक्ष सहित 19 कांग्रेसियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर खलबली मचा दी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री मुमताज मसीह ने हाल ही में देहात जिलाध्यक्ष छगनलाल जैन, पूर्व जिलाध्यक्ष रोशनलाल नागदा, जिला परिषद सदस्य कचरूलाल चौधरी, सेवादल अध्यक्ष दयालाल चौधरी, गिर्वा की पूर्व प्रधान निर्मला चौधरी, देहात जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य केसुलाल मेहता, झाड़ोल ब्लॉक के महामंत्री अमरसिंह झाला, जिला परिषद सदस्य हेमन्त गरासिया, महेन्द्र मीणा, युवराज सिंह करीब 19 कांग्रेस पदाधिकारियों-कार्यकर्ताओं के नाम कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन लोगों से हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करने पर स्पष्टीकरण मांगा है।सूत्रों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के तहत देहात जिलाध्यक्ष छगनलाल जैन पर झाड़ोल विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया है। इसी क्रम में रोशनलाल नागदा व कचरूलाल चौधरी पर उदयपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र तथा अमरसिंह झाला पर झाड़ोल में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया गया है।प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी नोटिस ने एक बारगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खलबली मचा दी है। पार्टी के कई लोग इस आरोप को पचा नहीं पा रहे है क्योंकि कार्यकर्ताओं का तर्क है कि देहात जिलाध्यक्ष छगनलाल जैन स्वयं इस तरह के पार्टी विरोधी काम में लिप्त रहते तो कांग्रेस विधानसभा चुनावों में जिले में इस तरह परचम नहीं फहरा पाती।इधर कांग्रेस के इस नोटिस से कई भाजपायी भी आश्चर्यचकित है क्योंकि विधानसभा चुनावों में पार्टी की हार के बाद कई भाजपा कार्यकर्ता यह अनुमान लगाए बैठे थे कि पार्टी चुनावों में भीतरघात करने वालों के खिलाफ तत्काल सख्त एक्शन लेगी। मगर यहां तो उनसे पहले चुनाव में परचम फहराने वाली कांग्रेस में नोटिस जारी हो गए।

Tuesday, January 20, 2009

संप्रग की वैकल्पिक सरकार अभी भी बन सकती : मधु कोड़ा

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने राज्य में राष्ट्रपति शासन के लिए सोमवार को झामुमो प्रमुख शिबू सोरेन को दोषी ठहराते हुए कहा कि संप्रग की वैकल्पिक सरकार अभी भी बन सकती है।कोड़ा ने कहा कि तमाड़ विधानसभा उप चुनाव में हारने के बाद 12 जनवरी को मुख्यमंत्री पद से हटने के समय से ही सोरेन से बात नहीं हो पा रही है। उन्होंने कहा कि सोरेन को सामने आकर सहयोगी दलों से वैकल्पिक सरकार बनाने के बारे में बातचीत करनी चाहिए थी।उन्होंने कहा कि अभी भी सभी विकल्प खुले हैं, क्योंकि विधानसभा को भंग नहीं किया गया है। रेल मंत्री एवं राजद प्रमुख लालू प्रसाद के साथ अपनी बैठक का जिक्र करते हुए कोड़ा ने कहा कि लालू राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू नहीं रखना चाहते बल्कि वह चाहते हैं कि वहां वैकल्पिक सरकार बने। कोड़ा ने कहा कि मौजूदा हालात के कारण सभी विकास कार्य रूक गए हैं और यदि सरकार जल्द से जल्द नहीं बनी तो हालात बद से बदतर हो जाएंगे।

महरानगढ की बात चली तो अशोक गहलोत रो पडे

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की आंखों से उस समय आंसू छलक पड़े जब वे मेहरानगढ़ दुखांतिका पर चर्चा कर रहे थे।मंच के सामने चिंता के भंवर में बैठी मासूम एवं नादान बालिकाओं को देखकर वे पूरी तरह भावनाओं में बह गये और उनकी आंखे नम हो गई।गहलोत आज जोधपुर में भारत सेवा संस्थान की ओर से आयोजित मेहरानगढ़ दुखांतिका पीड़ित परिवार की बहनों के एकमुश्त जमा राशि,(एफडीआर) वितरण कार्यक्रम में चर्चा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसी विपदा थी जिसने जोधपुर ही नहीं पूरे देश को हिलाकर रख दिया। उन्होंने कहा कि जब इस हादसे की जानकारी उन्हें दिल्ली में मिली तो जैसे तैसे वे उसी दिन जोधपुर पहुंचकर पीड़ितों के घरों में गये। वहां एक एक घर की अलग कहानी मिलीमुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसा हादसा इन आंखों से देखना पड़ा जिसको भूलना असंभव हैं। गमगीन हुये जोधपुर में जगह जगह भावांजलि के कार्यक्रम हुये। जो भारत सेवा संस्थान में भी हुआ जिसमें ऐसे परिवारों की बालिकाओं के लिये एकमुश्त जमा राशि (एफडीआर) बनाने की इमदाद का निर्णय किया।

आडवाणी से कोई विरोध नहीं : भैरोसिंह शेखावत

पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोसिंह शेखावत ने आज फिर दोहराया कि कांग्रेस ने राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी पर 22 हजार करोड़ रूपये के घोटाले के जो आरोप लगाये हैं उसकी जांच होनी चाहिए।शेखावत ने आज सर्कीट हाउस में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि मैंने इस संबंध में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को पत्र लिखा हैं जिसमें कहा हैं कि कांग्रेस ने भाजपा पर जो 22 हजार करोड़ रूपये के घोटाले के आरोप लगाये वह उसकी जांच करें तथा आरोप सही पाये जाने पर उन पर कार्यवाही करें।पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि गहलोत ने मेरे पत्र के उत्तर में यह कहा हैं कि जांच की जायेगी, लेकिन आरोपियों को जेल भेजना न्यायालय का काम हैं।पूर्व उपराष्ट्रपति ने कहा कि जांच के लिए आयोग गठन की बात भी विश्वसनीय नहीं हैं, क्योंकि कई आयोगों के गठन की जांच आज तक पूरी नहीं हो पायी है। उन्होंने कहा कि भाजपा पर भ्रष्टाचार का कांग्रेस का यह आरोप एक नहीं हैं, अपितु कांग्रेस ने राजस्थान के भाजपा कुशासन पर 108 आरोप लगाये हैं। अब गहलोत को इसकी जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने इनकी जांच नहीं की तो वह गहलोत सरकार का पीछा नहीं छोड़ेंगे और जांच कराकर ही दम लेंगे।शेखावत ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि मेरा लालकृष्ण आडवाणी से कोई विरोध नहीं हैं अपितु आडवाणी जी और अटल जी और मैंने एक साथ मिलकर पार्टी के लिए काम किया हैं, मैं भला आडवाणी जी को कैसे चुनौती दे सकता हूँ।एक अन्य प्रश्न के उत्तर में शेखावत ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि विधानसभा चुनाव में जातिवाद और परिसीमन के आधार पर टिकट बंटे और पार्टी के सिद्धांतों को अलग कर दिया गया जो दुर्भाग्यपूर्ण था।