Wednesday, September 30, 2009

झालावाड में भिडे कांग्रेस-भाजपाई

जयपुर सहित प्रदेश के 16 केन्द्रीय सहकारी बैंकों में बुधवार को नई कार्यकारिणी के चुनाव हो गए। बूंदी व झालावाड केन्द्रीय सहकारी बैंकों के चुनाव स्थगित हो गए। झालावाड में कांग्रेस व भाजपा कार्यकर्ताओं में टकराव के बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। इस घटनाक्रम के कारण ही वहां चुनाव टालने पडे। राजसमन्द व करौली में नए केन्द्रीय सहकारी बैंकों के गठन की घोषणा होने के कारण उदयपुर व सवाई माधोपुर में भी चुनाव नहीं हो पाए।
जयपुर में कांग्रेस समर्थित भंवर लाल चौधरी अध्यक्ष व दीपिका लोढा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं। चौधरी को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री बाबूलाल नागर का नजदीकी माना जाता है। राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण से मिली जानकारी के अनुसार चित्तौडगढ में चन्द्रभान सिंह अध्यक्ष व लक्ष्मण सिंह उपाध्यक्ष, बांसवाडा में शांति गरासिया अध्यक्ष व विनोद चन्द जोशी उपाध्यक्ष, सीकर में हनुमान सिंह आर्य अध्यक्ष व पूरण मल मीणा उपाध्यक्ष, भरतपुर में मीना सिंह अध्यक्ष व राजेन्द्र प्रसाद उपाध्यक्ष, दौसा में प्रकाश चन्द गुप्ता अध्यक्ष व प्रहलाद मीणा उपाध्यक्ष, जैसलमेर में गौली अध्यक्ष व अखेदान उपाध्यक्ष चुने गए।
इसी तरह अजमेर में गणेश चौधरी अध्यक्ष व किशोर सिह उपाध्यक्ष, टोंक में बद्री जाट अध्यक्ष व कजोड मल उपाध्यक्ष, अलवर में मनीष चौधरी अध्यक्ष व फखरू उपाध्यक्ष, बाडमेर में डूंगरा राम अध्यक्ष व रघुनाथ विश्नोई उपाध्यक्ष, भीलवाडा में रामपाल शर्मा अध्यक्ष व भवरू खां उपाध्यक्ष, झुंझुनूं में ओम प्रकाश अध्यक्ष व पूरणमल सैनी उपाध्यक्ष, बारां में परमिन्दर कौर अध्यक्ष व अशोक कुमार उपाध्यक्ष, नागौर में जगन्नाथ बुरडक अध्यक्ष व घासीराम उपाध्यक्ष तथा डूंगरपुर में नूतन शर्मा अध्यक्ष व महेन्द्र सिंह उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए।
जिलों से मिली सूचनाओं के मुताबिक बांसवाडा, डूंगरपुर, भीलवाडा, अलवर में कांग्रेस और अजमेर, चित्तौडगढ में भाजपा समर्थक चुने गए हैं। झालावाड पत्रिका संवाददाता के अनुसार वहां भाजपा व कांग्रेसी कार्यकर्ता भिड गए, जिन्हें तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां बरसाई। पुलिस ने दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर मुकदमे दर्ज किए हैं। जिसमें मनोहरथाना से कांग्रेस विधायक कैलाश मीणा को भी अभियुक्त बताया है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक अनिल जैन, जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार की अगुवाई में सदर थाने पर प्रदर्शन किया और धांधली का आरोप लगाते हुए चुनाव निरस्त करने की मांग की।
मीडियाकर्मियों पर डंडे बरसाएझालावाड स्थित सहकार भवन में चुनाव कवरेज करने पहुंचे मीडियाकर्मियों पर आरएसी जवानों ने डंडे बरसाए। इससे कई मीडियाकमियों के चोटें आई। पत्रकारों ने सामूहिक प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई है।

No comments: