पिछले महीने कांग्रेस से निलंबित किए गए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने पार्टी छोड़ने के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को पत्रकारों से मुखातिब राणे ने कहा कि 6 जनवरी को वह बड़ी घोषणा कर सकते हैं।हालांकि उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि बड़ा कदम उठाने (कांग्रेस छोड़ने) के लिए उन पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है।बीते 26 नवंबर को मुंबई में आतंकी हमलों के बाद कांग्रेस को महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री बदलना पड़ा था। तब विलासराव देशमुख की जगह राणे खुद को पद का दावेदार जता रहे थे। लेकिन पार्टी ने अशोक चह्वाण को कुर्सी दी। इस निर्णय के विरोध में राणे ने पार्टी के खिलाफ खूब जहर उगला था। इसी आधार पर उन्हें निलंबित कर दिया गया।शुक्रवार को राणे ने अपने समर्थकों के साथ बैठक की। उन्होंने आज भी पार्टी नेताओं पर हमला बोला। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मानिकराव ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो अपने दम पर चुनाव भी नहीं जीत सकते, उन्हें दूसरों को नसीहत नहीं देना चाहिए। ठाकरे पूर्व मुख्यमंत्री देशमुख के समर्थक माने जाते हैं।
No comments:
Post a Comment