Wednesday, April 21, 2010

भाजपा नेता जेपी शर्मा की सड़क हादसे में मृत्यु

भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष एवं नगरपालिका राजसमंद के पार्षद तथा भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष जे.पी. शर्मा व उनके भतीजे चेतन शर्मा का बुधवार सुबह अजमेर जिले के नसीराबाद के पास हुई सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। इस दुर्घटना में जे.पी. शर्मा की पत्नी व बच्चे घायल हो गए। भाजपा नेता जेपी शर्मा एवं उनके भतीजे के निधन का समाचार मिलते ही शहर में शोक की लहर छा गई और परिचित व रिश्तेदार हतप्रभ रह गए। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि बुधवार सुबह भाजपा नेता जेपी शर्मा (42), उनकी पत्नी श्रीमती प्रीति (40), पुत्र जयेश (17), पुत्री आस्था (16) और भतीजा चेतन शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा (18) बुधवार सुबह करीब पौने पांच बजे राजसमंद से कार द्वारा जयपुर के लिए रवाना हुए। सुबह करीब आठ बजे नसीराबाद के समीप सामने आ रहे एक ट्रोले ने गलत दिशा में साइड ले ली जिससे कार अनियंत्रित होकर ट्रोले में जा घुसी। दुर्घटना में जेपी शर्मा व चेतन शर्मा की मौके पर ही मृत्यु हो गई जबकि शर्मा की पत्नी व बच्चे घायल हो गए। सूचना मिलने पर नसीराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर घायलों को किशनगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया। इधर शहर में जेपी शर्मा व उनके भतीजे के निधन की खबर मिलते ही परिचित एवं रिश्तेदार हतप्रभ रह गए वहीं शहर में शोक की लहर छा गई। सूचना मिलने पर शर्मा के मित्र प्रमोद मोदी, विजय शर्मा सहित अन्य परिजन किशनगढ़ के लिए रवाना हो गए जहां पुलिस ने अन्य आवश्यक कार्रवाई के उपरांत शव सौंपा। शाम करीब साढ़े चार बजे जैसे ही भाजपा नेता जेपी शर्मा एवं उनके भतीजे का शव कांकरोली स्थित उनके निवास स्थान पर लाए तो परिजनों विलाप कर उठे। शर्मा का शव देखकर यहां मौजूद परिचित, राजनैतिक मित्र एवं स्वयंसेवी संगठनों के कार्यकर्ताओं की भी रूलाई फूट पड़ी। शाम करीब छह बजे अंतिम संस्कार किया गया जिसमें भाजपा सहित राजनैतिक पार्टियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा शहर के हर समाज के लोग सम्मलित हुए। समाजसेवा में भी अग्रसर थे शर्मा : भाजपा नेता एवं पार्षद जेपी शर्मा राजनीति के मंझे हुए नेता के साथ-साथ समाजसेवा की भावना से भी ओतप्रोत थे। मेडिकल व्यवसायी होने के बावजूद शहर की प्रमुख समस्याओं एवं जरूरतमंदों की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास करते रहे। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण शर्मा के पुत्र जेपी शर्मा नगरपालिका राजसमंद में लगातार दूसरी बार पार्षद निर्वाचित हुए थे। जेपी शर्मा के भतीजे चेतन शर्मा अजमेर विद्युत वितरण निगम शाखा कांकरोली के सहायक अभियंता दिनेश शर्मा के पुत्र है। नगरपालिका में छाया सन्नाटा : पार्षद एवं भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष जयप्रकाश शर्मा के निधन की खबर मिलते ही पालिका मेें सन्नाटा छा गया। पालिका अध्यक्ष अशोक रांका, उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश काबरा, पालिका प्रतिपक्ष नेता चुन्नीलाल पंचौली, पालिका आयुक्त नारायण सिंह सांदू एवं पार्षदों ने दुख व्यक्त किया। बाद में यहां शोकसभा का आयोजन कर दो मिनट का मौन रख कर उन्हें श्रद्धांजली अर्पित की। वक्ताओं ने शर्मा को सुलझे विचारों के ऊर्जावान नेता बताया। उन्होंने कहा कि जन-जन में पार्षद के रूप में अपनी कार्यशैली से लोकप्रिय थे। शोकसभा के उपरांत दिवगंत आत्मा के सम्मान में पालिका कार्यालय में अवकाश कर दिया गया।भाजपाइयों में शोक की लहर : भाजपा नेता शर्मा के निधन पर भाजपा राष्ट्रीय सचिव व राजसमंद विधायक किरण माहेश्वरी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि शर्मा के निधन से पूरा क्षेत्र आहत है। जिलाध्यक्ष नंदलाल सिंघवी, महामंत्री महेश पालीवाल, पूर्व जिला प्रमुख हरिओम सिंह राठौड़, भीम विधायक हरिसिंह रावत, राजसमंद प्रधान देऊबाई खटीक, प्रवक्ता किशोर गुर्जर आदि ने शर्मा के निधन पर शोक प्रकट किया। मुस्लिम समाज ने दी श्रद्धांजलि : इंतजामिया कमेटी मुस्लिम समाज कांकरोली के सचिव खलील डायर ने कमेटी की ओर से पार्षद शर्मा के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि शर्मा के निधन से शहर को अपूरणीय क्षति हुई है कमेटी व सारा मुस्लिम समाज ने संवेदना प्रकट की। श्रमजीवी पत्रकार परिषद ने व्यक्त की संवेदना : भाजपा नेता शर्मा के निधन पर राजस्थान श्रमजीवी पत्रका संघ के ललित चोरडिया, मुबारिक शुक्रिया ने शोक प्रकट किया। उन्होंने कहा कि जनहित के सजग प्रहरी एवं ऊर्जावान नेता के निधन से शहर को अपूरणियक्षति हुई है।

No comments: