Tuesday, February 16, 2010

बसपा के 25 साल पूरे,लखनऊ में 15 मार्च को विशाल रैली

उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री और बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी की स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आगामी 15 मार्च को राष्ट्रीय स्तर की विशाल रैली के आयोजन की घोषणा की है।मायावती ने आज यहां संवाददाताओं को बताया ‘‘ पिछले वर्ष ही पार्टी की स्थापना के 25 वर्ष पूरे हो चुके थे। मगर तब लोकसभा चुनाव के कारण किसी बड़े कार्यक्रम का आयोजन नहीं किया जा सका था। ’’उन्होंने बताया कि पार्टी के 25 वर्ष पूरे होने के एक साल बाद पार्टी के संस्थापक कांशीराम के जन्मदिन पर 15 मार्च को पार्टी ने राजधानी के रमाबाई मैदान में राष्ट्रीय स्तर की रैली का आयोजन करने का फैसला किया है। रैली में देश भर के बसपा कार्यकर्ता और समर्थक भाग लेंगे।मायावती ने बताया कि रैली में,बसपा की 14 अप्रैल 1984 को अम्बेडकर जयंती पर हुई स्थापना से लेकर आज तक की उपलब्धियों और कांशीराम के बारे में दो बुलेटिन जारी किये जाएंगे। उसी दिन शाम को कांशीराम के जीवन संघर्ष पर आधारित एक फिल्म भी दिखाई जायेगी।

No comments: