Tuesday, February 16, 2010

भाजपा-एनएसयूआई के कार्यकर्ता भिड़े

धर्मशाला में सोमवार को जिला भाजपा कार्यकर्ता और एनएसयूआई कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन के दौरान भिड़ गए। इसमें एनएसयूआई के प्रदेशाध्यक्ष यदुपति ठाकुर और महासचिव सुरजीत भरमौरी घायल हो गए। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई का बैनर फाड़कर उसे जलाने की कोशिश की। कचहरी अड्डा में एक ही जगह भाजपा और एनएसयूआई के विरोध प्रदर्शन होने के चलते दोनों संगठनों के कार्यकर्ताओं ने एक—दूसरे के विरोध में नारेबाजी करना शुरू कर दिया।

इस पर दोनों तरफ के कार्यकर्ताओं में झगड़ा हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की जमकर धुनाई की। भाजपा नेता डीसी को ज्ञापन सौंपने के बाद कचहरी अड्डा में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ता सरकार के विरोध में नारेबाजी करते हुए कचहरी अड्डा में पहुंच गए।

पुलिस बीच बचाव करने में जुटी रही, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश के आगे पुलिस की एक न चली। विवाद तब और बढ़ गया जब सुलह के विधायक विपिन परमार ने एनएसयूआई के कार्यकताओं को सभा स्थल से बाहर करने को कहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एनएसयूआई प्रदेशाध्यक्ष और महासचिव को सड़क पर गिराकर लात—घूसों से खूब पीटा। दोनों छात्र नेता सहायता के लिए गुहार लगाते रहे। माहौल शांत होने पर पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए जोनल अस्पताल पहुंचाया।

No comments: