Sunday, December 13, 2009

पार्टी में काम से ही सत्ता में भागीदारी

सत्ता में भागीदारी मांग रहे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को साफ कहा कि राजनीतिक नियुक्ति से पहले देखा जाएगा कि उन्होंने पार्टी के लिए कितना काम किया है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि नियुक्तियां सदस्यता अभियान और पंचायत चुनावों के बाद होंगी। गहलोत अपने शासन का एक साल पूरा होने के मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से आयोजित जलसे में बोल रहे थे।
मेरी तरफ देख रहा कार्यकर्ता-जोशीप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सी.पी. जोशी ने यह कहते हुए कार्यकर्ताओं को सत्ता में भागीदार बनाने की मांग उठाई कि कार्यकर्ता मेरी तरफ देख रहा है कि मैं कहां खडा हूं। कार्यकर्ता को लग रहा है कि सत्ता में भागीदारी का मौका आया है। निगम, परिषद, पालिकाओं में चुने हुए कार्यकर्ताओं को यह अवसर मिल गया है। क्षमतावान कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में अवसर मिलेगा।
बचे हुए कर्मठ कार्यकर्ताओं को चुनाव के बाद राजनीतिक नियुक्ति देने का काम भी होना चाहिए। गहलोत ने इस मांग के जवाब में कार्यकर्ताओं से कहा कि सवाल यह है कि आप पार्टी के लिए कितनी सदस्यता करते हो। सदस्यता अभियान में नए लोगों को जोडें इससे आपका झण्डा भी बुलंद रहेगा। प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक व प्रदेशाध्यक्ष जोशी के भाषण का जिक्र करते हुए गहलोत बोले कि यह भी देखा जाएगा कि किस कार्यकर्ता के क्षेत्र में कितनी इकाइयों के चुनाव हुए हैं। इकाई से ही हम मजबूत होंगे। वासनिक व जोशी भी इसे देखेंगे। वासनिक ने भी भरोसा दिलाया कि जो कार्यकर्ता रह गए, उन्हें भी अवसर मिलेगा।

No comments: