Sunday, December 13, 2009

हर मोर्चे पर कांग्रेस फेल-चतुर्वेदी

जयपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी ने कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर फेल बताते हुए कहा कि संवेदनशील सरकार का दावा करने वाली कांग्रेस के एक साल के राज में ही आम आदमी न केवल महंगाई, पानी-बिजली के संकट से त्रस्त हुआ है, बल्कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सडक पर उतरने लगा है।
चतुर्वेदी रविवार को छोटी चौपड पर भारतीय जनता युवा मोर्चा जयपुर शहर की ओर से आयोजित धरने को सम्बोधित कर रहे थे। यह धरना प्रदेश में कांग्रेस शासन के एक साल पूरे होने के दिन को धिक्कार दिवस मनाते हुए दिया गया। चतुर्वेदी ने कहा कि बिगडती कानून व्यवस्था से आमजन में खौफ है। महामारी का रूप ले चुकी स्वाइन फ्लू को रोकने में सरकार विफल रही। दूसरे राज्यों में फ्लू की नि:शुल्क जांच हो रही है, लेकिन यहां लोगों को महंगे दामों पर जांच करवानी पड रही है।
इस मौके पर विधायक कालीचरण सराफ, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक लाहौटी, महामंत्री हेमन्त लांबा, शहर अध्यक्ष निधिशेखर शर्मा आदि ने कहा कि कांग्रेस राज में कानून व्यवस्था चौपट हो गई है। प्रदेश के बैंक, मंदिर, घर व वाहन सुरक्षित नहीं है। युवा मोर्चा एक महीने तक हर जिले में धरने व प्रदर्शन करके धिक्कार दिवस मनाएगा। धरने को उप महापौर मनीष पारीक, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सुमन शर्मा, सुनील कुमावत, ओमप्रकाश मीणा आदि ने भी सम्बोधित किया।
नहीं आए विधायक कांग्रेस सरकार के एक साल के राज में जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हुए इस धरने में विधायक कालीचरण सराफ के अलावा कोई विधायक व वरिष्ठ कार्यकर्ता शामिल नहीं हुए।

No comments: