Wednesday, December 16, 2009

भाजपा में बवाल जारी

जोधपुर। भाजपा संगठन चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा घटनाक्रम में पूर्व मंत्री, पूर्व सांसद व पार्टी की जोधपुर जिला प्रमुख ने विरोध के स्वर मुखर कर संगठन चुनाव निरस्त करने की मांग उठा दी है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी को लिखे पत्र में पूर्व राजस्व मंत्री रामनारायण डूडी, पूर्व सांसद जसवंत विश्नोई और जोधपुर जिला प्रमुख अमिता चौधरी ने संगठन चुनावों पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि पहले मंडल अध्यक्ष फिर जिलाध्यक्ष के चुनाव कराए जाने चाहिए थे, लेकिन जोधपुर देहात के आठ मंडलों के चुनाव गुपचुप कराकर गलत परम्परा अपनाई गई है।
चुनाव से पहले सर्वसम्मति के भी प्रयास नहीं किए गए। इससे कार्यकर्ता ठगा सा महसूस कर रहे हैं। तीनों ने स्पष्ट कहा है कि ऎसा करने से पंचायत चुनावों पर इसका विपरीत असर पडेगा, इसलिए इन चुनावों को निरस्त किया जाए।
उधर पार्टी के मण्डोर देहात मंडल के प्रभारी सोहनलाल काला ने भी संगठन चुनाव बंद कमरे में करवाने का विरोध किया है और कहा कि मण्डोर मंडल अध्यक्ष का चुनाव गुपचुप कराने से कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। काला ने आरोप लगाया कि भोपालगढ विधानसभा क्षेत्र की छह और बिलाडा विधानसभा क्षेत्र की सात पंचायतें मण्डोर मंडल में आती हैं।
ऎसे में मंडल अध्यक्ष के चुनाव से पहले इन दोनों क्षेत्रों के नेताओं व विधायकों से सलाह न लिया जाना अनुचित है।

No comments: