Thursday, December 10, 2009

नई पार्टी की घोषणा लखनऊ में पांच जनवरी को: कल्याण

पूर्व मुख्यमंत्री व सांसद कल्याण सिंह ने कहा कि पांच जनवरी को वे अपने जन्मदिन पर लखनऊ में नई पार्टी की विधिवत घोषणा करेंगे। उन्होंने हिंदुत्व की दुहाई दी और यह भी कहा कि आवाम के हित के लिए ही नया झंडा और नया एजेंडा होगा। यही नहीं जनता की न सुनने वालों के लिए नया डंडा होगा।
गुरुवार को जनपद में एक विवाह समारोह में शिरकत करने आए पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने भूड़ रोड स्थित होटल में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नई पार्टी का गठन करने के बाद मौका-परस्त सियासी दलों को जवाब देंगे। वर्तमान सियासत से खिन्न नजर आ रहे पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा वह दिखा देंगे कि उनमें आज भी लोगों के हक के लिए लड़ने का माद्दा है। कल्याण ने कहा कि उन्होंने कभी किसी को धोखा नहीं दिया। धोखा खाया जरूर। लेकिन जो लोग यह कर रहे हैं, वह चुकने की स्थिति में हैं। कल्याण ने कहा कि पार्टी गठन से पहले उन्होंने समर्थकों के साथ बैठकें की हैं और राय-मशवरा भी। किसी भी चुनौती का सामना करने को वह हर-हाल में तैयार हैं। नगर में कुछ दिन पूर्व हुए फायरिंग प्रकरण में हो रही सियासत पर बोलने से उन्होंने इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि आज सही अवसर नहीं है। शादी समारोह में शिरकत करने आए हैं, इसलिए सियासत के बारे में और ज्यादा नहीं बोलेंगे। बहुत कुरेदने पर सिर्फ इतना ही कहा कि उन्हें जनता का समर्थन प्राप्त है। यही जनता उनसे धोखा करने वालों को सबक सिखाएगी। जनता के लिए ही वह नई पार्टी बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह शीघ्र ही दुबारा बुलंदशहर आएंगे और खुलकर सभी सवालों का जवाब देंगे। जाते-जाते कहा कि पांच जनवरी का इंतजार करो, बहुत से सवालों का जवाब उसी दिन मिल जाएगा। उसी दिन पार्टी के नाम और एजेंडे की घोषणा की जाएगी।

No comments: