Friday, November 6, 2009

एसपी के निशाने पर माया-नफीसा

एसपी ने उत्तर प्रदेश की मायावती सरकार पर एक निर्दलीय विधान परिषद सदस्य को धमकाने का आरोप लगाया है। एसपी का कहना है कि विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह को लखनऊ का उनका घर खाली करने के लिए धमकाया जा रहा है। एसपी महासचिव अमर सिंह ने सुनील सिंह को प्रेस के सामने पेश किया और कहा कि सुनील सिंह का पैतृक बंगला मुख्यमंत्री मायावती के बंगले के नजदीक स्थित है। मायावती उसे अपने बंगले में मिलाना चाहती हैं, इसलिए वह सरकारी अधिकारियों के जरिए धमका रही हैं। सुनील सिंह के मुताबिक उन्होंने इस संबंध में हाई कोर्ट में एक याचिका भी दायर की है।
अमर सिंह ने एसपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुईं नफीसा अली को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि नफीसा का चित्त अस्थिर है। जब वह कांग्रेस से एसपी में आई थीं तब उन्होंने कहा था कि कांग्रेस लोगों का इस्तेमाल कपड़े की तरह करती है। जब जरूरत होती है पहन लेती है और बाद में उतार कर फेंक देती है। नफीसा को दोस्त बताते हुए अमर ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि अब वह जिस पार्टी में गई हैं उसी के साथ रहेंगी। उल्लेखनीय है कि पूर्व मिस इंडिया नफीसा अली को एसपी ने लखनऊ लोकसभा क्षेत्र से उस समय अपना प्रत्याशी बनाया था जब सुप्रीम कोर्ट ने संजय दत्त को चुनाव लड़ने की इजाजत नहीं दी थी। नफीसा अली कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को सॉरी बोलकर गुरुवार को ही कांग्रेस में वापस लौटी हैं।

No comments: