Thursday, September 17, 2009

सीपी का अधिकृत यात्रा कार्यक्रम जारी

केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री डा. सीपी जोशी 20 से 22 सितम्बर तक भीलवाडा जिले के दौरे पर रहेंगे। उनका अधिकृत कार्यक्रम जारी होने के साथ ही कांग्रेस संगठन कार्यक्रमों को सफलता की तैयारी में जुट गए हैं। सम्बन्धित ब्लॉक इकाइयों को डा. जोशी के कार्यक्रमों की तैयारी शुरू करने के लिए कह दिया गया है।

डा. जोशी के प्रमुख निजी सचिव एमएन गोवडा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री 20 सितम्बर को जयपुर से सुबह 8 बजे रवाना होंगे। वे टोंक, देवली होते हुए 10 बजे जहाजपुर पहुचेंगे। डा. जोशी इसी दिन शाहपुरा भी जाएंगे। जहाजपुर व शाहपुरा में लोगों को सम्बोधित करने के साथ कार्यकर्ताओं के अभाव-अभियोग भी सुनेंगे। अगले दिन 21 को कोटडी व माण्डलगढ में सभा लेंगे। 22 सितम्बर सुबह 10 बजे भीलवाडा में भारत संचार निगम की थ्रीजी सेवा का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे जिला परिषद की साधारण सभा की बैठक में शामिल होंगे। जोशी शाम 5 बजे जयपुर रवाना होंगे।
जोशी के अधिकृत यात्रा कार्यक्रम में तिथि के साथ केवल 'लोकल प्रोग्राम' लिखा हुआ है। कार्यक्रमों का विवरण नहीं है। कांग्रेस संगठन के पदाधिकारी सम्बन्धित क्षेत्र में कार्यक्रम तय करने में लगे हुए हैं। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि रामपाल शर्मा कार्यक्रमों के मध्य समन्वय कायम करने में लगे हैं।

No comments: