Monday, November 17, 2008

प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने नामांकन भरने से पहले करवाई 11 पण्डितो से पूजा

कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष डा. सी.पी. जोशी ने सोमवार को सादगी पूर्वक तरीके से अपना नामांकन दाखिल किया।सोमवार प्रातः रामभोला प्राकृतिक स्थल पर नगर अध्यक्ष एल.एन.गुर्जर की ओर से जोशी की जीत की मंगलकामना को लेकर महायज्ञ आयोजित किया गया। इस अवसर पर पं. राजेश उपाध्याय के सानिध्य में 11 पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ की रस्म निभाई। यज्ञवेदी में कांग्रेस प्रत्याशी डा.सी.पी.जोशी, नगर अध्यक्ष एल.एन. गुर्जर, फतहलाल गुर्जर, प्रदेश प्रतिनिधि वीरेन्द्र वैष्णव, मुकेश उपाध्याय, अभिषेक गुर्जर समेत अन्य लोगों ने आहूति लगाई। इस दौरान एल.एन.गुर्जर ने जोशी का वृंदावनी टोपी, उपरणा, प्रसाद व बीड़ा भेंटकर स्वागत किया। रामभोला से जोशी अपने पैतृक निवास पर गए जहां उन्होंने अपनी माता से आशीर्वाद लिया।इसके बाद जोशी गोविन्द चौक स्थित कांग्रेस कार्यालय आए जहां हजारों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। दोपहर 12 बजे कार्यालय से विशाल जुलूस निकाला। श्रीनाथ बैण्ड, ढोल नगाड़ों की धुन पर हजारों पार्टी के सिपाही झूमते नाचते चल रहे थे। किसी ने सिर पर पार्टी की कैप पहनी थी तो किसी ने गले में पार्टी का दुपट्टा डाल रखा था।जुलूस गोविंद चौक से बड़ा बाजार, मंदिर परिक्रमा कर प्रमुख मार्गों से होता हुआ रिसाला चौक में पहुंचकर सभा में तब्दील हो गया। जुलूस में डा. जोशी हाथ जोड़कर नगरवासियों से अपील करते चल रहे थे तो दूसरी तरफ नाथद्वारा, रेलमगरा, कांकरोली, उदयपुर समेत ग्रामीण अंचलों से आए कार्यकर्ता जमकर नारेबाजी करते चल रहे थे।रिसाला चौक से डॉ. सी.पी. जोशी वरिष्ठ इंका नेता शांतिलाल चौधरी, देवकीनंदन गुर्जर, चंद्रशेखर व महेश पालीवाल के साथ उपखण्ड कार्यालय पहुंचे जहां वरिष्ठ अधिवक्ता सुभाष चौधरी ने नामांकन पत्र भरवाया। इसके बाद जोशी ने अपना नामांकन पत्र एसडीएम आर.एल. मीणा को सौंपा।

No comments: