Sunday, November 16, 2008

जोधपुर जिले में भाजपा कार्यकर्ता बगावत पर

सूरसागर व शहर विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों का विरोध कर रहे भाजपा कार्यकर्ता व पदाधिकारी बगावत पर उतर आए हैं। सूरसागर के मौजूदा विधायक मोहन मेघवाल ने बागी प्रत्याशी के रूप मेंं सोमवार को नामांकन भरने का ऎलान किया है। शहर क्षेत्र में भी कार्यकर्ता पार्टी के जिला संगठन पर प्रत्याशी बदलने का दबाव बनाए हुए हैं।इन कार्यकर्ताओं ने अपनी मांग को लेकर रविवार शाम प्रदेश मंत्री व जिला प्रभारी गंगासिंह राजपुरोहित व शहर जिलाध्यक्ष नारायण पंचारिया को घेर लिया। इस बीच, पार्टी के विभिन्न मंडलों-मोर्चो के लगभग ढाई सौ पदाधिकारियों ने प्रत्याशियों का विरोध करते हुए इस्तीफे सौंप दिए हैं। इनमें सूरसागर के 180 व शहर क्षेत्र के 65 पदाधिकारी शामिल हैं।भाजपा ने शुक्रवार दोपहर जोधपुर शहर से कैलाश भंसाली व सूरसागर से सूर्यकांता व्यास के नाम घोषित किए थे। सूर्यकांता वर्तमान में शहर सीट से विधायक हैं। सूरसागर सीट परिसीमन में समान्य हो जाने से मेघवाल यहां से टिकट की दौड में नहीं थे।लेकिन दो दावेदारों पूर्व न्यासी कमलेश पुरोहित व पूर्व महापौर राजेंद्र कुमार गहलोत ने टिकट नहीं मिलने पर आज मेघवाल को सूरसागर से निर्दलीय चुनाव लडने के लिए मनाया। शहर सीट पर पूर्व जिला अध्यक्ष प्रसन्न चंद मेहता के समर्थकों ने विरोध का झंडा उठा रखा है। शनिवार को कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष नारायण पंचारिया के निवास स्थान पर प्रदर्शन किया। सूरसागर क्षेत्र के लोगों ने रविवार दोपहर रणवीर भवन में बैठक कर प्रत्याशी नहीं बदलने की सूरत में बागी उम्मीदवार मैदान में उतारने का फैसला किया। इस बैठक के बाद पूर्व न्यासी पुरोहित व पूर्व महापौर गहलोत मेघवाल के घर गए व उनसे विधायक सूर्यकान्ता व्यास को बाहरी बताते चुनाव लडने का अनुरोध किया। मेघवाल मान गए और बैठक में पहुंचकर आरोप लगाया कि प्रत्याशी चयन से क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है।

No comments: