Saturday, November 29, 2008

राजसमन्द को मार्बल मण्डी बनाएंगे : किरण माहेश्वरी

भाजपा महिला मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रत्याशी किरण माहेश्वरी ने कहा कि इस क्षेत्र का मुख्य व्यापार मार्बल है और लाखों लोगों की रोजी रोटी इसी व्यवसाय से जुड़ी है। यह व्यवसाय अनेक समस्याओं से ग्रस्त है। चुनाव बाद राजसमंद मार्बल व्यवसाय को राज्य सरकार से मार्बल मण्डी घोषित करना मेरी प्राथमिकता होगी और यह कार्य मेरे चुनाव एजेंडे में भी शामिल है।मीडिया प्रकोष्ठ जिला संयोजक लड्ढा ने बताया कि दोपहर 12.30 बजे पसुन्द में मार्बल व्यवसायियों द्वारा आयोजित अभिनन्दन समारोह में बोलते प्रत्याशी किरण माहेश्वरी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का कार्य सिर्फ नाली और सड़क निर्माण ही नहीं है। अच्छे समाज और व्यक्तित्व निर्माण हो, व्यवस्था और जनता की सुरक्षा भी जनप्रतिनिधि का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि मार्बल मण्डी घोषित होने के बाद मार्बल व्यवसाय में गति आयेगी और समस्याओं से भी मुक्ति मिल जायेगी।अभिनन्दन समारोह को भाजपा जिलाध्यक्ष हरिओम सिंह राठौड़ ने भी सम्बोधित किया। इससे पूर्व समारोह में पहुंचने पर सभी गैंगसा, ट्रेडर्स, माइन्स, सप्लायर्स एवं कटर व्यवसाईयों की ओर से महेन्द्र कोठारी, एस.पी. काबरा, सत्यदेव सिंह चारण, पर्वतसिंह आशिया, प्रकाश रांका, महेन्द्र टेलर, राजकुमार सोनी, देवीलाल प्रजापत, सुरेश जोशी, मानसिंह बारहठ आदि ने माल्यार्पण कर शाल एवं मेवाड़ी पगड़ी पहना कर स्वागत किया। तत्पश्चात प्रत्याशी किरण को सिक्कों से तोला गया। समारोह की अध्यक्षता हरिओम सिंह राठौड़ संचालन मधुसूदन व्यास ने किया। वहीं महेन्द्र कोठारी ने अभिनन्दन पत्र का वाचन कर प्रत्याशी किरण को भेंट किया।

No comments: