Thursday, January 22, 2009

जान की बाजी लगाने वाले पुलिसकर्मी सच्चे नायक : राहुल गांधी

कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ने मुंबई जैसी घटनाओं से पुलिस और प्रशासन के लिए सबक करार दिया है। जयपुर दौरे पर आए राहुल गांधी ने जनता और पुलिस के संबंधों पर आयोजित एक कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि `देश और जनता की रक्षा के लिए जान की बाजी लगाने वाले पुलिसकर्मी सच्चे नायक हैं।'राहुल गांधी ने पुलिस में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि जब तक प्रशासनिक और नैतिक स्तर पर कार्यप्रणाली और व्यक्तिगत भावनाओं में बदलाव नहीं किया जाएगा समस्या का समाधान संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग की समस्याओं का कोई एक समाधान नहीं है। कांग्रेस महासचिव ने कहा, `हम अपने नायकों को यूं ही नहीं खो सकते। उन्होंने स्पष्ट किया हमारी नजरों में किसी व्यक्ति की जान का मूल्य नहीं है, उनकी शहादत का मूल्य नहीं है इसलिए हम छोटी-छोटी समस्याओं को नजरअंदाज करते हैं और एक दिन यह समस्याएं विकराल रूप धारण कर लेती हैं।कांग्रेस महासचिव राजस्थान पुलिस अकादमी में एक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। इस सेमिनार में देश भर के पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बीच राहुल गांधी ने पुलिस अधिकारियों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनके सवालों का भी जवाब दिया।इससे पहले राहुल एक दिवसीय यात्रा पर आज सुबह जयपुर पहुंचे। कांग्रेस की सरकार बनने के बाद राहुल पहली बार प्रदेश के दौरे पर आए हैं। सांगानेर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी, केंद्रीय मंत्री नमोनारायण मीणा सहित प्रमुख कांग्रेसी नेताओं ने राहुल का स्वागत किया। इसके बाद वे राजस्थान पुलिस अकादमी पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस परफॉरमेंस एंड पब्लिक रिलेशन विषय पर आयोजित सेमिनार को संबोधित किया।

No comments: