Saturday, January 31, 2009

राजनाथ बने रहेंगे पद पर

नागपुर में होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह को इस पद पर एक और साल का विस्तार दिया जा सकता है। सत्तावन वर्षीय सिंह का वर्तमान कार्यकाल दिसंबर 2009 को समाप्त हो रहा है और पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुकी भाजपा उन्हें अध्यक्ष पद पर दिसंबर 2010 तक विस्तार देने का मन बना चुकी है।पार्टी सूत्रों ने बताया चूंकि अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया पूरी होने में एक साल का समय लग जाता है इसलिए लोकसभा चुनाव के करीब आते देख यह चुनाव कराना व्यवहारिक नहीं होगा। उन्होंने बताया कि अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए पहले सदस्यता अभियान शुरू करना होता है। उसके बाद ब्लॉक स्तर से प्रारंभ होकर केन्द्रीय स्तर तक के संगठनात्मक चुनाव कराने होंगे। सूत्रों के अनुसार छह फरवरी से नागपुर में शुरू होने जा रही पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में इस आशय का प्रस्ताव लाया जा सकता है कि बिना चुनाव कराए वर्तमान अध्यक्ष को एक वर्ष का और विस्तार दे दिया जाए।भाजपा के कुछ नेताओं का मानना है कि राजनाथ सिंह को एक साल का अतिरिक्त विस्तार देने के फैसले का राष्ट्रीय कार्यकारिणी से अनुमोदन लेने की भी आवश्यकता नहीं है। पार्टी विधान के अनुरूप अध्यक्ष के लिए अगला चुनाव होने तक वह अपने पद पर बने रह सकते हैं। इनका कहना है कि अध्यक्ष पद के चुनाव को केवल इसलिए टाला जा रहा है कि लोकसभा चुनाव बहुत समीप हैं और अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया बहुत लंबा समय लेगी। पार्टी अपनी पूरी ऊर्जा लोकसभा चुनाव में लगाना चाहती है।

No comments: