Wednesday, January 28, 2009

भाजपा ने 12 नामों की दूसरी सूची जारी की

उत्तर प्रदेश में जिताऊ उम्मीदवारों की कमी से जूझ रही भाजपा ने राज्य के लिए लोकसभा उम्मीदवारों की 12 नामों की दूसरी सूची जारी की है। केंद्रीय चुनाव समिति की लगभग डेढ़ घंटे चली बैठक में पार्टी ने उन्हीं सीटों पर चर्चा की जहां ज्यादा विवाद नहीं था।सूत्रों के अनुसार ज्यादा जिद्दोजहद वाली व रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सीटों पर केंद्रीय नेतृत्व ने ज्यादा माथापच्ची करना ठीक नहीं समझा। इसके बजाय उन पर पैनल छोटे करने व आम राय बनाने के लिए प्रदेश नेतृत्व को एक दिन का समय और दिया है।उत्तर प्रदेश में तीसरे नंबर पर खिसक चुकी भाजपा लोकसभा चुनाव से अपनी खोई साख व केंद्रीय सत्ता की तरफ मजबूती से कदम बढ़ाने के लिए फूंक-फूंक कर कदम बढ़ा रही है। रालोद के साथ तालमेल को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, पार्टी दो-तीन दिन में दोनों दलों के बीच तालमेल की विधिवत घोषणा कर सकती है। ज्यादातर सीटें बंट गई हैं और अब मामला खास कर मेरठ व बिजनौर सीटों को लेकर अटका हुआ है।बैठक में लगभग दो दर्जन सीटों पर चर्चा हुई, लेकिन घोषित सिर्फ 12 ही की गईं। इनमें भी चार अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीटें हैं, जहां पर ज्यादा दिक्कत नहीं थी। बारह नामों की सूची में दो विधायक कैराना के हुकुम सिंह को कैराना लोकसभा सीट से व मुहम्मदी की विधायक कृष्णा राज को शाहजहांपुर सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। मशहूर लोक गायिका तृप्ति शाक्य को मैनपुरी से उम्मीदवार बना कर भाजपा ने सपा को उसके गढ़ में चुनौती देने की कोशिश की है।बारह नामों की इस दूसरी सूची के साथ पार्टी ने सूबे के लिए अब तक 22 नामों की घोषणा कर दी है। कल्याण सिंह के पार्टी छोड़ने से उसे एटा सीट के लिए नए उम्मीदवार की तलाश भी है।पार्टी ने बुधवार को केरल से तीन और दमन दीव की एक सीट के लिए भी उम्मीदवार घोषित कर दिया।

No comments: