Saturday, January 31, 2009

कांग्रेस ने कल्याण सिंह को लेकर जाहिर की समाजवादी पार्टी से नाराजगी

कांग्रेस में कल्याण सिंह को लेकर समाजवादी पार्टी से अपनी नाराजी को औपचारिक कर दिया है। कल कांग्रेस कार्यसमिति बैठक में दिग्विजय सिंह ने इस नाराज मुद्रा की शुरूआत की और ज्यादातर नेताओं ने इसका समर्थन किया। सबसे महत्वपूर्ण समर्थन राहुल गांधी की तरफ से आया। राहुल ने कहा कि समाजवादी पार्टी अभी से ऐसा आचरण कर रही है तो आगे उस पर कैसे भरोसा किया जा सकता है।कल वैसे भी समाजवादी पार्टी का बुरा दिन था। गोरखपुर में अमर सिंह और अभिनेता से नेता बनने वाले मनोज तिवारी जिस मंच पर मौजूद थे वही गिर गया। गनीमत है कि इन दोनों को चोट नहीं आई। मगर अमर सिंह तो अमर सिंह ठहरे। उन्होंने आरोप लगा ही दिया कि मंच बनाने वाला ठेकेदार बसपा का कार्यकर्ता है। वैसे अमर सिंह ने तो समाजवादी पार्टी के मंच से लाल कृष्ण आडवाणी को भी अपनी पार्टी में आमंत्रित करने वाला भाषण दिया था।समाजवादी पार्टी की कल्याण सिंह से नजदीकियों से कांग्रेस नाराज है। कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्लूसी) की बैठक में भी इसका असर नजर आया। बैठक में कई सदस्यों ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की कल्याण सिंह से दोस्ती पर चिंता जताई। सदस्यों का कहना था कि इस पूरे घटनाक्रम से अल्पसंख्यकों में गलत संदेश गया है। सपा नेतृत्व उम्मीदवारों का ऐलान कर कांग्रेस के लिए मुश्किल पैदा कर रहा है। इसलिए, पार्टी नेतृत्व को सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए फैसला करना चाहिए।बैठक में उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखने वाले ज्यादातर सदस्यों का कहना था कि मौजूदा स्थिति में सपा को साफ संदेश देते हुए समझौता किया जाना चाहिए। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह, मोहसिना किदवई, देवेंद्र द्विवेदी और सत्यव्रत चतुर्वेदी ने कल्याण सिंह से सपा की दोस्ती पर चिंता जताई। सत्यव्रत चतुर्वेदी सपा महासचिव अमर सिंह के खिलाफ कड़े बयान देते रहे हैं।इसकी शिकायत अमर सिंह ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष से भी की थी। उप्र कांग्रेस कमेटी मौजूदा स्थितियों में सपा के साथ गठबंधन के हक में नहीं है। पर उसने अंतिम फैसला पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी पर छोड़ दिया है। पार्टी का एक तबका कल्याण सिंह को मुद्दा बनाकर सपा से पल्ला झाड़ने की वकालत करता रहा है। पार्टी के मुसलिम नेता भी कांग्रेस अध्यक्ष से सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गठबंधन की मांग कर चुके हैं।

No comments: