Tuesday, December 16, 2008

छोटे-छोटे प्रकरणों के लिए जनता दफ्तरों के चक्कर नहीं काटे अधिकारी इस बात का ध्यान रखे : अशोक गहलोत

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने छोटे-छोटे प्रकरणों में भी जनता को न्याय के लिए राज्य स्तर पर चक्कर कटवाने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मंगलवार को पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की जिला स्तर पर हर हाल में सुनवाई होनी चाहिए। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील बनने की सलाह देते हुए उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के मामलों में लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी।सामाजिक वैमनस्यता कम हो-
गहलोत ने मुख्यमंत्री कार्यालय में प्रदेश की कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते कहा कि आमजन एवं ग्रामीणों की फरियाद संवेदनशीलता से सुनकर समस्याओं का समाधान तत्काल किया जाए। इसके लिए पुलिस अधीक्षकों एवं महानिरीक्षकों को पाबंद किया जाए। उन्होंने गुर्जर आरक्षण आन्दोलन के दौरान उत्पन्न हालात की चर्चा करते हुए कहा कि सामाजिक वैमनस्यता कम करने के लिए विशेष सतर्कता से काम करें। संभावित मुद्दों की करें पहचान- प्रशासन में बैठे लोगों का दायित्व है कि वे अपने क्षेत्र के संभावित मुद्दों की पहचान कर संबंद्ध पक्षों से बातचीत करें और यह संदेश दें कि प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान को तत्पर है। गंभीर अपराधों की रोकथाम हो-गहलोत ने गंभीर अपराधों की रोकथाम के लिए पुख्ता कदम उठाने के निर्देश देते हुए कहा कि सीमावर्ती जिलों में होने वाली घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को विशेष सावधानी से काम करना चाहिए, ताकि लोगों में व्यवस्था के प्रति विश्वास हो और अपराधियों में सरकारी तंत्र का खौफ हो। प्रदेश के पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली का बडा सम्मान रहा है, लेकिन बदले माहौल में चुनौतियों को देखते हुए अधिकारियों को इच्छाशक्ति को और मजबूत बनाने की जरूरत है। दुर्घटनाओं पर चिन्ता-मुख्यमंत्री ने बैठक में बढती दुर्घटनाओं पर चिन्ता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आमदमी की जान काफी कीमती है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पुख्ता बंदोबस्त किए जाए। समझौता नहीं करें कप्तान-उन्होंने साफ किया कि कप्तान अच्छा हो और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं करे तो कानून-व्यवस्था की स्थिति स्वत: अच्छी हो जाएगी। खुफिया तंत्र की खामियां दूर हों-मुख्य सचिव डी.सी. सामंत ने अधिकारियों को सुरक्षा का वातावरण बनाने और खुफिया तंत्र की खामियों को दूर करने के निर्देश दिए। प्रमुख गृह सचिव एस.एन.थानवी ने बताया कि केन्द्र सरकार पासा कानून में कडे प्रावधान करने पर विचार कर रही है। पुलिस महानिदेशक के.एस. बैंस का कहना था कि वाहन चोरी, चेन खींचने एवं अवैध शराब की रोकथाम के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।

No comments: