Friday, December 12, 2008

अशोक गहलोत ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ

अशोक गहलोत ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच आज राजस्थान के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राजभवन में आयोजित सादे समारोह में सुबह करीब सवा नौ बजे "सोनिया गांधी जिंदाबाद", "अशोक नहीं है आंधी है, राजस्थान का गांधी है" के नारों के बीच राज्यपाल एस. के. सिंह ने गहलोत को राज्य के 19वें मुख्यमंत्री के रूप में पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज अकेले ही शपथ ली। उनके साथ फिलहाल कोई मंत्री ने शपथ नहीं ली। मंत्रिमण्डल के गठन के बारे में गहलोत का कहना है कि इस बारे में जल्दी ही फैसला कर लिया जाएगा। यह दूसरा मौका है जब गहलोत ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली है। इससे पूर्व वह 1998 से 2003 तक मुख्यमंत्री रहे थे। गहलोत ने आज अकेले ही शपथ ग्रहण की। मंत्रिमण्डल का गठन बाद में किया जाएगा। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद गहलोत ने पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच आकर उनसे मुलाकात की। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह देखा गया। सूत्रों के अनुसार गहलोत आज दिल्ली के लिए रवाना हो सकते हैं। गहलोत के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत कई दिग्गज उपस्थित थे। इस मौके पर प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी मुकुल वासनिक, पूर्व उपराष्ट्रपति भैरो सिंह शेखावत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सी.पी. जोशी के अलावा प्रशासन के आला अफसर भी मौजूद थे। इसके अलावा वसुंधरा केबिनेट के कई मंत्री भी समारोह में शामिल हुए। राजभवन में आयोजित सादे समारोह में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सैलाब उमड पडा।

No comments: