Wednesday, October 7, 2009

कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव में मप्र के दिग्गजों को झोंका

कांग्रेस आलाकमान ने मध्यप्रदेश के नेताओं की जातिगत और राजनीतिक उपयोगिता और प्रभाव को देखते हुए उन्हें महाराष्ट्र चुनाव में पूरी तरह झोंक दिया है। एक ओर, कांग्रेस महासचिव और महाराष्ट्र चुनाव के प्रभारी दिग्विजय सिंह पिछले दस दिनों से मुंबई में डेरा डाले कांग्रेस और राकांपा के बीचराजनीतिक समीकरण सुलझाने में लगे हैं। वहीं, मप्र से केंद्रीय मंत्री कमलनाथ, ज्योतिरादित्य सिंधिया और अरुण यादव चुनाव प्रचार में भाग ले रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में पर्यवेक्षक के तौर पर विस उपाध्यक्ष हरवंश सिंह, सांसद प्रेमचंद गुड्डू और गजेंद्र सिंह राजूखेड़ी सहित कई नेता चुनावी मोर्चे पर अलग से डटे हुए है। कांग्रेस रणनीतिकारों ने दैनिक भास्कर को बताया कि महाराष्ट्र में मध्यप्रदेश के नेताओं की राजनीतिक उपयोगिता को देखते हुए दौरे कार्यक्रम तय किए गए हैं। छिंदवाड़ा से सटे विदर्भ क्षेत्र में कमलनाथ तीन दिन प्रचार में भाग लेंगे।

वहीं, सिंधिया की युवा, भीड़ जुटाने वाली और महत्वपूर्ण मराठी भाषी होने की उपयोगिता को भुनाने के लिए कांग्रेस ने हाई प्रोफाइल सीटों पर पांच दिवसीय दौरा कार्यक्रम बनाया है। सिंधिया राष्ट्रपति के बेटे राजेंद्र पाटिल के समर्थन में अमरावती के अलावा नागपुर, तिवसा, वर्धा, कामटी में प्रचार कर चुके हैं।

अब वे मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण के चुनाव क्षेत्र भोकर, केन्द्रीय मंत्री विलासराव देशमुख के बेटे अमित देशमुख के चुनाव क्षेत्र लातूर और केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे की बेटी प्रणिति शिंदे के चुनाव क्षेत्र सोलापुर के अलावा कोल्हापुर, नांदेड सहित कई जगह चुनावी सभाएं संबोधित करेंगें। केंद्रीय भारी उद्योग रा%यमंत्री अरुण यादव अपने कैबिनेट मंत्री विलासराव के बेटे के प्रचार में लातूर और राजेंद्र सिंह शेखावत के समर्थन में रैली करने गुरुवार से चार दिवसीय महाराष्ट्र दौरे पर रवाना हो रहे हैं। वे लातूर, अमरावती और यवतमाल के अलावा कई अन्य स्थानों पर प्रचार करें"े।

No comments: