Saturday, October 17, 2009

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक टली

भाजपा की 27 से 29 अक्टूबर तक दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक स्थगित कर दी गई है। अब यह बैठक नवम्बर में संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान हो सकती है। उधर 22 अक्टूबर को तीन राज्यों के चुनाव परिणाम के बाद उभरने वाली मौजूदा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा के लिए पार्टी संसदीय बोर्ड की बैठक फिर बुलाए जाने की संभावना है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कई अहम् मुद्दों पर चर्चा होनी थी। उसमें महाराष्ट्र, हरियाणा और अरूणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव परिणामों की समीक्षा किए जाने के साथ केन्द्र को घेरने वाले महंगाई, बढ़ती नक्सली हिंसा तथा चीन की ओर से अरूणाचल प्रदेश में कथित घुसपैठ जैसे मसलों को भाजपा धार देने वाली थी, लेकिन यह टल गया। पार्टी संविधान के अनुसार राजनाथ सिंह का कार्यकाल जनवरी के प्रथम सप्ताह में पूरा होने वाला है। इसके पहले राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक इसलिए होगी क्योंकि उसमें पार्टी की संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया की समीक्षा के साथ नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप भी दिया जाएगा।

No comments: