Tuesday, October 6, 2009

हरियाणा में स्टार प्रचारकों की बहार

हरियाणा में विधानसभा चुनाव प्रचार में आ रही गर्मी के बीच कांग्रेस और भाजपा ने अपने सभी स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारने का फैसला कर लिया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का 9 अक्तूबर को प्रस्तावित झज्जर व नूंह दौरा अब 11 अक्टूबर को होगा, जिसमें वे नूंह और झज्जर में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगी।

प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह 7 अक्तूबर को हिसार की बजाय अंबाला में चुनावी सभा के संबोधित करेंगे। राहुल गांधी अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 10 अक्टूबर को समालखा, अटेली और बल्लभगढ़ में कांग्रेस की चुनावी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। बसपा सुप्रीमो मायावती अब हरियाणा में प्रचार के लिए नहीं आएंगी।

मगर भाजपा पूरी शक्ति झोंकने की तैयारी में है। पार्टी के शीर्ष नेता लालकृष्ण आड़वाणी 8 को यमुनानगर, गुड़गांव व बड़खल में सभाएं करेंगे, पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह 6 और 7 अक्तूबर को प्रदेश में प्रचार के लिए जाएंगे। वे छह अक्तूबर को बवानीखेड़ा, असंध, मुलाना व कालका में सभाएं करेंगे और सात को नारायणगढ़, लाड़वा, सफीदों व तोशाम में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करेंगे। लोकसभा में भाजपा की उपनेता सुषमा स्वराज प्रदेश में तीन दिन तक चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगी।

6 अक्टूबर को वे सोहना व बादशाहपुर, 8 को बरवाला, बाढ़डा, कोसली, नारनौल व 9 को अंबाला शहर, थानेसर, रादौर व सोनीपत में चुनावी सभाएं करेंगी। अरूण जेटली 7 अक्टूबर को हिसार व रोहतक में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल 9 अक्टूबर को पटौदी, शाहबाद, कलायत व पूंडरी में सभाएं करेंगे। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी का अब तक हरियाणा आने का कोई कार्यक्रम नहीं है।

प्रदेश में उनकी मांग सबसे ज्यादा है लेकिन उनके कार्यक्रमों को कल तक अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है। यही हाल म.प्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह का है। पार्टी सिने तारिका हेमामालिनी, स्मृति इरानी व पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू को भी प्रचार के लिए भेजने की तैयारी में है लेकिन उनके दौरा कार्यक्रमों को अगले एकाध दिन में अंतिम रूप दिया जाएगा।

कांग्रेस-भाजपा तैयार

सोनिया 9 की बजाय 11 को, पीएम अब 7 को अंबाला में, राहुल 10 को आएंगे। आडवाणी, सुषमा, राजनाथ, जेटली, धूमल के कार्यक्रम तय, मोदी, चौहान और सिंह के भी कार्यक्रम जल्द।

No comments: