Monday, October 26, 2009

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के घर से लाखों का सामान चोरी

राष्ट्रीय राजधानी में आए दिन लोगों के घरों को निशाना बनाने वाले अपराधियों ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय माकन के घर को भी नहीं छोड़ा। पहले से वारदातों की रिपोर्ट दर्ज न करने की आलोचना झेल रही दिल्ली पुलिस ने इस वारदात की भी एफआईआर दर्ज नहीं की। माकन के घर को एक साल में दूसरी बार निशाना बनाया गया है। पिछले साल उनके घर से लाखों का सामान चोरी कर लिया गया था। ताजा वारदात शनिवार सुबह 4 बजे हुई। राजौरी गार्डन के 'जे' ब्लॉक में अजय माकन के भाई संजय रहते हैं। उन्होंने पुलिस में कंप्लेंट की है। उनके गार्ड विपिन कुमार ने पुलिस में बयान दर्ज कराया है। विपिन के मुताबिक, वह माकन के घर गार्ड की ड्यूटी कर रहा था। शनिवार सुबह 4 बजे तीन नकाबपोश लड़कों ने उसे पकड़ लिया।
तीनों ने उसका मुंह कपड़े से बांधने के बाद दोनों हाथ पीछे बांधकर बाथरूम के अंदर डाल दिया। इसके बाद शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर दो लड़के घर के सामने एक बैंक की एटीएम मशीन लूटने की बात कहते हुए चले गए। इस दौरान एक लड़का घर के अंदर रहा। विपिन कुमार आधे घंटे तक बाथरूम में बंधक रहा। इसके बाद तीनों लड़के वहां से चले गए। विपिन ने एटीएम के गार्ड के पास जाकर अपने हाथ और मुंह खुलवाए। विपिन ने देखा कि घर के बाहर खड़ी मारुति स्विफ्ट कार की अगली खिड़की का शीशा टूटा हुआ था। कार से स्टीरियो चुराने की कोशिश की गई थी, लेकिन चोर कामयाब नहीं हो सके। कार के पास स्टीरियो के दो खाली खोल पड़े हुए थे। विपिन प्राइवेट सिक्युरिटी एजेंसी से हायर किया गया है। वह चौखंडी में रहता है। 3 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की है।

No comments: