Thursday, October 22, 2009

चौटाला ने पेश किया सरकार बनाने का दावा

हरियाणा में मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज सरकार बनाने का दावा पेश करने वाले हैं। लेकिन प्रदेश में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी इंडियन नेशनल लोकदल (आईएनएलडी) के ओमप्रकाश चौटाला ने तेजी दिखाते हुए रात को ही सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया। आईएनएलडी प्रदेश में 31 सीटों के साथ दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है। चौटाला ने राज्यपाल को रात को ही चिट्ठी सौंप दी। चौटाला ने कहा कि जनमत कांग्रेस के खिलाफ आया है। इसलिए राज्यपाल को विपक्ष को सरकार बनाने का न्योता देना चाहिए। चौटाला राज्यपाल को चिट्ठी सौंपने के बाद दिल्ली रवाना हो गए हैं। उधर, हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी आज सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। हुड्डा ने चंडीगढ़ में अपने सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। हुड्डा का दावा है कि जीतकर आए 7 में से 6 निर्दलीय विधायकों ने कांग्रेस को समर्थन देने का वादा किया है। गौरतलब है कि हरियाणा में कांग्रेस 40 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। उसे सरकार बनाने के लिए 46 विधायकों का समर्थन जरूरी है। आईएनएलडी को 31 सीटें मिली हैं, जबकि भजनलाल की पार्टी हरियाणा जनहित कांग्रेस 6 सीटें मिली हैं। बीजेपी को 4 और बीएसपी को एक सीट मिली है। 7 सीटों पर निर्दलीयों ने जीत हासिल की है।

No comments: