Wednesday, February 25, 2009

व्यसनमुक्त रहेगी संकल्प पदयात्रा

लोकसभा चुनाव में युवाओं की भागीदारी बढाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में युवा कांग्रेस एक हजार किमी की लंबी संकल्प पदयात्रा निकालेगी। इस यात्रा की खास बात यह होगी कि पदयात्रा पूर्ण रूप से व्यसनमुक्त रहेगी। इसके लिए राष्ट्रीय नेतृत्व से खास तौर पर निर्देश जारी किए गए हैं। पदयात्रा के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव राहुल गांधी के सिपाही गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की उपलब्घियों का बखान करेंगे। विदिशा जिले में यह पदयात्रा 24 मार्च को प्रवेश करेगी। युकां प्रदेश कार्यालय से जारी कार्यक्रम के अनुसार इस यात्रा की शुरूआत 27 फरवरी को शहीद चंद्रशेखर आजाद की जन्मस्थली भाबरा से होगी। एक माह बाद यात्रा का समापन भोपाल में होगा, जिसमें कांगे्रस के राष्ट्रीय नेता शिरकत करेंगे। एक माह की अवघि में यह पदयात्रा 13 जिलों से होकर गुजरेगी। जिसके प्रभाव क्षेत्र में 10 लोकसभा क्षेत्र, 72 विधानसभा क्षेत्र, 24 लाख युवा और 61.50 लाख मतदाता आएंगे। युकां ने पदयात्रा के लिए जिला प्रभारी नियुक्त कर उन्हें जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।युकां द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार संकल्प पदयात्रा 24 मार्च को लटेरी से विदिशा जिले में प्रवेश करेगी। जबकि 27 मार्च को इसका प्रवेश जिला मुख्यालय पर होगा। पदयात्रा के मार्ग में 13 जिले आएंगे, जिनमें अलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम, मंदसौर, उच्जैन, इंदौर, देवास, शाजापुर, राजगढ, विदिशा, रायसेन एवं भोपाल शामिल हैं। संकल्प पदयात्रा से वंचित रहने वाले प्रदेश के शेष 37 जिलों में 7 मार्च को एक साथ पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। करीब 6 किलोमीटर लंबी निकाली जाने वाली इस पदयात्रा में उस जिले की सभी इकाईयां संयुक्त रूप से शामिल होंगी। पदयात्रा के लिए प्रदेश कार्यालय में एक नियंत्रण कक्ष बनाया गया है, जो संपूर्ण प्रदेश पर नजर रखेगा। इसके अलावा प्रत्येक जिले में बनाए गए जिला प्रभारी सभी इकाईयों से समन्वय स्थापित कर पदयात्रा की रूपरेखा तय करेंगे। इन्हीं की अनुशंसा पर कार्यकर्ताओं को पदयात्रा में शामिल किया जाएगा। इन प्रभारियों को सीडी के माध्यम से युकां के मोनो वाली प्रचार सामग्री पहुंचाई गई है, जिसमें केंद्र सरकार की उपलब्घियां और प्रदेश की भाजपा सरकार की नाकामियों को बताया गया है।

No comments: