Wednesday, February 4, 2009

समाजवादी पार्टी से निपटने के लिए कल्यासिंह हथियार बनेंगे कांग्रेस के

कांग्रेस समाजवादी पार्टी से निपटना चाहती है और इसके लिए उसके पास कल्याण सिंह जैसा हथियार मौजूद है। सच तो यह है कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव खुद भी अपनी पार्टी तक को विश्वास में नहीं ले पा रहे कि कल्याण सिंह को अपने साथ ले कर उन्होंने कोई उचित राजनैतिक फैसला किया है।कांग्रेस को तो इसलिए भी दिक्कत होने लगी है क्योंकि समाजवादी पार्टी के महासचिव और कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार को विश्वास मत के दौरान बचाने वाले अमर सिंह इन दिनों वामपंथियों के साथ ज्यादा नजर आ रहे हैं। वामपंथियों ने उस समय अमर सिंह पर सांसद खरीदने का आरोप भी लगाया था और क्षुद्र राजनैतिक समझौते करने के लिए भी कोसा था। इसीलिए कांग्रेस ने फैसला किया है कि कल्याण सिंह के मुत्रे पर समाजवादी पार्टी को अच्छी तरह घेरा जाए।पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से रिश्तों पर समाजवादी पार्टी जहां सफाई देने को मजबूर है, वहीं कांग्रेस इसका लाभ उठाना चाहती है। कांग्रेस अब सपा को `धर्मनिरपेक्ष' पार्टी का प्रमाणपत्र देने की कीमत वसूलना चाहती है। कल्याण सिंह से नजदीकियों से दबाव में आई सपा गठबंधन के लिए कांग्रेस को अधिक सीट दे सकती है। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह जल्द ही सपा महासचिव अमर सिंह से मुलाकात करेंगे।सूत्रों के मुताबिक अमर सिंह ने पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव के लिए कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात का वक्त मांगा है, लेकिन सोनिया गांधी चाहती हैं कि बैठक से पहले गठबंधन पर एक दौर की मुलाकात और होनी चाहिए। सपा इस वक्त दबाव में है और वह कांग्रेस के लिए कुछ और सीट छोड़ सकती है। बैठक के दौरान दिग्विजय सिंह सपा से ज्यादा से ज्यादा सीट हासिल करने की कोशिश करेंगे। अभी सपा 15 से ज्यादा सीट देने के लिए तैयार नहीं है, जबकि कांग्रेस कम से कम दो दर्जन सीट की मांग कर रही है।कांग्रेस कुछ सीट पर फ्रेंडली फाइट के लिए भी तैयार है। सपा इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं है, क्योंकि इनमें से ज्यादातर सीट पर सपा का कब्जा है। इस सूची में रामपुर, पडरौना, सलेमपुर, फर्रूखाबाद और प्रतापगढ़ शामिल हैं। कांग्रेस राजबब्बर और बेनीप्रसाद वर्मा को बदली हुई सीट से चुनाव लड़ाना चाहती है। आगरा के सुरक्षित हो जाने के बाद राजबब्बर फतेहपुर सीकरी से चुनाव लड़ना चाहते हैं, जबकि केसरगंज से सांसद बेनीप्रसाद वर्मा गोंडा से चुनाव लड़ेंगे।

No comments: