Friday, July 24, 2009

लोकसभा सीटें दोगुनी करने की मांग

33 प्रतिशत कोटा दिए जाने की मांग को लेकर देशभर से आई महिलाओं ने गुरुवार को जंतरमंतर पर प्रदर्शन किया। भारतीय स्त्री शक्ति के बैनर तले जमा हुई इन महिलाओं ने राष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष को ज्ञापन भी दिया। भारतीय स्त्री शक्ति की अध्यक्ष डॉ. मेघा नानिवडेकर और महासचिव नयना सहस्त्रबुद्धे ने इस मौके पर कहा कि 13 साल से यह विधेयक लंबित है। अब इसमें बदलाव की बात कही जा रही है। 33 प्रतिशत को घटाकर 15 प्रतिशत करने का सुझाव दिया जा रहा है। हम इसका कड़ा विरोध करते हैं। इससे बेहतर होगा कि हर लोकसभा क्षेत्र से एक महिला और एक पुरुष के चुने जाने की व्यवस्था की जाए। यानी लोकसभा सीट दोगुनी हों। इससे स्त्री और पुरुष बराबर संख्या में चुने जाएंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा और देश की सभी विधानसभाओं में चुनाव क्षेत्रों की संख्या बढ़ाने या सीमाओं में बदलाव किए बिना यह काम आसानी से किया जा सकता है। इससे स्त्रियों को बराबरी का हक मिल जाएगा। भारतीय स्त्री शक्ति के इस आंदोलन में कई अन्य महिला संगठन ने भी भाग लिया।

No comments: