Sunday, July 19, 2009

हरियाणा में समय से पहले चुनाव चाहती है कांग्रेस

कांग्रेस हाईकमान ने हरियाणा की राजनीतिक मामलों को देखने के लिए पार्टी के महासचिव बीके हरिप्रसाद की अगुवाई में पांच सदस्यीय उच्चाधिकार प्राप्त समिति का गठन किया है।
पार्टी के इस फैसले को हरियाणा विधानसभा का चुनाव समय से पहले कराने की पुख्ता तैयारी का संकेत माना जा रहा है। हरियाणा विधानसभा का चुनाव वैसे तो फरवरी 2010 में होना है। लेकिन लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के दमदार प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा हाईकमान को महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के साथ ही हरियाणा में भी चुनाव कराने की सलाह दे रहे हैं। प्रदेश की सियासत में ओम प्रकाश चौटाला की कमजोर पड़ती पकड़ और इनेलो में मची भगदड़ को देखते हुए कांग्रेस हाईकमान भी समय से पहले चुनाव कराने का मन लगभग बना चुका है। पार्टी में चुनावी विशेषज्ञ माने जाने वाले हरिप्रसाद को हरियाणा की कमान सौंपना इसी तैयारी का हिस्सा है।

No comments: