Wednesday, April 22, 2009

राजीव गांधी कहें, कांग्रेस को वोट मत दो

कांग्रेस यह बात सुनेगी, तो बौखला ही जाएगी। लेकिन यह सच है। तमिलनाडू में शिवगंगा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे राजीव गांधी लोगों से यही अपील कर रहे हैं। राजीव केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। राजीव गांधी नाम है 25 साल के लॉ स्टूडंट का, जो चेन्नै की डॉ. आंबेडकर लॉ यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं। उनका नाम उनके दादा ने रखा था। उनके दादा कांग्रेस के परमभक्त थे। राजीव लोगों से अपने लिए वोट नहीं मांगते, बल्कि चिदंबरम को हराने की अपील करते हैं। उनका कहना है कि श्रीलंकाई तमिलों की दुर्दशा को सामने लाने के लिए चुनाव से बेहतर कोई मंच नहीं हो सकता। श्रीलंकाई तमिलों के मुद्दे पर कई नौजवान प्रचार कर रहे हैं। इनमें अरुण शौरी भी शामिल हैं। यह बीजेपी के अरुण शौरी नहीं हैं, बल्कि चेन्नै के एक सेल्स इंजीनियर हैं, जो श्रीलंकाई तमिलों के मुद्दे पर कांग्रेस के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। अरुण का नाम उनके पिता ने जानेमाने पत्रकार अरुण शौरी के नाम पर ही रखा था। अरुण शौरी अब बीजेपी में हैं। श्रीलंकाई तमिलों के पक्ष में यह आंदोलन खड़ा करने का श्रेय 26 साल के के. मुथुकुमार को जाता है। मुथुकुमार ने इसी साल 29 जनवरी को आत्मदाह कर लिया था। उनकी मौत के कुछ दिन बाद अरुण ने यह आंदोलन शुरू किया। अब उनके साथ 40 के लगभग नौजवान हैं, जो जगह-जगह जाकर कांग्रेस के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। NBT

No comments: