Friday, April 24, 2009

भाजपा देश की जनता को भ्रमित करने में लगी है

कांग्रेस ने हमला जारी रखते हुए आरोप लगाया कि भाजपा नकलची पार्टी है। भाजपा के पास न तो नेतृत्व है और ना ही नेता है। कांग्रेस सरकारों द्वारा पूर्व में किए गए फैसलों व संप्रग सरकार की उपलब्धियों को अपने नाम से प्रचारित कर भाजपा देश की जनता को भ्रमित करने में लगी है। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक सिंघवी ने कहा कि भाजपा की पोल खुल चुकी है और उसकी चुनाव में हार तय है। सिंघवी ने दो पन्नों में ब्यौरा देते हुए दावा किया कि कांग्रेस के शासन में ही देश ने सबसे ज्यादा विकास किया। सिलसिलेवार जानकारी देते हुए कांग्रेस ने कहा कि परमाणु विस्फोट कराने का मामला रहा हो या आर्थिक सुधारीकरण का, सब फैसले कांग्रेस ने किए। कांग्रेस के कार्यकाल में ही नींव पडी। खेलों से संबंधित सभी उपलब्धियां भी कांग्रेस के शासन में हुई। यही नहीं कांग्रेस ने रेलवे में हुई तरक्की व नरेगा का भी श्रेय स्वयं लिया। इस मुद्दे पर पत्रकारों ने पूछा कि इन दोनों मामलों में राजग के नेताओं ने अहम भूमिका निभाई तो कांग्रेस ने यह कहकर अपना बचाव किया कि हुआ तो कांग्रेस की अगुवाई में बनी संप्रग के शासन में ही। इसके लिए किसी एक नेता को श्रेय नहीं दिया जा सकता है। कांग्रेस ने भाजपा पर आरोप लगाया कि परमाणु विस्फोट, नरेगा और दिल्ली में मेट्रो का श्रेय भी भाजपा लेने की कोशिश कर रही है। कृषि और आतंकवाद के मुद्दे पर भी भाजपा सच नहीं बोल रही है। दागी को लेकर फंसी कांग्रेस दागी मामले में कांग्रेस फंसती दिखाई दी। कांग्रेस ने अकबरपुर से संसद में सवाल पूछने के एवज में फंसने वाले सांसद राजा रामपाल को प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस से इस मुद्दे पर जब सवाल पूछा गया तो कांग्रेस ने यह कह कर बचाव करने की कोशिश की कि उन्हे सजा मिल चुकी है इसलिए उन्हें मौका दिया जाना चाहिए। यह पूछे जाने पर कि अन्य पार्टियों ने पैसे लेने वाले संासदों को टिकट नहीं दिया। इस पर कांग्रेस संकट में फंसती दिखाई दी। कांग्रेस ने कहा कि जीतने को प्राथमिकता दे कर ही उन्हें टिकट दिया। इस मसले पर एक अन्य प्रवक्ता कपिल सिब्बल ने तो यह कह कर अपना बचाव किया कि उन्होंने टिकट नहीं दिया। जिन्होंने दिया उनसे पूछो।

No comments: