Friday, April 24, 2009

प्रचार का नया तरीका "गूग्गिज"

लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान के दौरान उम्मीदवार कई तरीके आजमा रहे हैं। वडोदरा में जहां बडी स्क्रीन पर आई.पी.एल. के मैच दिखाई जा रहे हैं वहीं आणंद में प्रत्याशी अपने पैम्फलेट पर आई.पी.एल. मैचों का पूरा कार्यक्रम छाप कर मतदाताओं को लुभाने में लगे हैं। वहीं खेडा तथा आणंद क्षेत्र में प्रचार अभियान के दौरान गूग्गिज का इस्तेमाल किया जा रहा है। आणंद लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी भरत सिंह सोलंकी तथा खेडा लोकसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी देवू सिंह चौहाण ने विशेषकर युवा मतदाताओं के लिए प्रचार का यह नया तरीका ढूंढा है।कांग्रेस ने सबसे पहले इस नए तरीके का इस्तेमाल शुरू किया वहीं अब भाजपा भी वोटरों को आकर्षित करने के लिए इसका भरपूर उपयोग कर रही है। भाजपा कार्यकर्ता निलेश परीख बताते हैं कि गूग्गिज के लिए एक छोटी सी मशीन होती है। इस मशीन के तीन सौ मीटर दायरे तक जो भी लोग मौजूद होते हैं यदि वे अपने मोबाइल का ब्लू टुथ ऑन करते हैं तो गूग्गिज के माध्यम से वॉल पेपर, वॉयस मेल तथा रिंग टोन सेव कर सकते हैं। भाजपा ने युवा मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए अनेक तरह के वॉल पेपर, असरदार वॉयस मेल तथा मस्ती भरे संगीत वाले रिंग टोन तैयार किए हैं।भाजपा कार्यकर्ता नडियाद शहर में विभिन्न जगहों पर यह मशीन लेकर खडे होते हैं और युवाओं से गूग्गिज का उपयोग करने का आह्वान करते हैं।

No comments: