Thursday, April 16, 2009

भाजपा के पास नकारात्मक और विध्वंसकारी दृष्टिकोण

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि भाजपा व तीसरे मोर्चे के पास चुनाव लडने के लिए कोई मुद्दा नहीं है। उन्होंने नकारात्मक और विध्वंसकारी दृष्टिकोण अपना लिया है। खासकर भाजपा अपना चुनाव अभियान भडकाव तथा विध्वंसकारी मुद्दे पर चला रही है। हमें इसका जोरदार तरीके से प्रतिरोध करना है। भाजपा ने प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह पर गंभीर व्यक्तिगत आक्षेप करना भी शुरू कर दिया है, जिससे मर्यादा के सारे मानदंडों का उल्लंघन होता है। उन्हें पूरा विश्वास है कि देश के लोग गाली-गलौज, घृणा और वैमनस्यता फैलाने वाली राजनीति का जोरदार ढंग से जवाब देंगे।कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेसियों से सकारात्मक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। कांग्रेस की पत्रिका संदेश के ताजा अंक में कांग्रेस अध्यक्ष ने कांग्रेसजनों को लिखे पत्र में यह बात कही है। उन्होंने अपने पत्र मे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की भी जमकर सराहना करते हुए कहा है कि सिंह के रूप में हमारे पास खास अनुभव तथा विशेषज्ञता प्राप्त प्रधानमंत्री उपलब्ध हैं, जिसकी ईमानदारी का कोई मुकाबला नहीं कर सकता। और जिनकी बुद्धि एवं ज्ञान की देश को पहले की अपेक्षा ज्यादा जरूरत है, क्योंकि देश के समक्ष विभिन्न प्रकार की चुनौतियां कायम हैं। उन्होंने कहा कि केवल एक एकजुट एवं धर्मनिरपेक्ष भारत ही आतंकवाद के खतरे का प्रभावकारी ढंग से मुकाबला कर सकता है। कांग्रेस ही संयुक्त एवं धर्मनिरपेक्ष भारत में विश्वास करती है और उसके लिए प्रयास करती है। केवल कांग्रेस ही आतंकवाद के खतरे से इस तरह से निपट सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास हमारे विविधतापूर्ण समाज के सभी वर्गो के कल्याण और उत्थान के लिए एक सोच एवं विविध कार्यक्रम हैं- खासकर कमजोर वर्गो को अधिकार सम्पन्न बनाने, किसानो की आर्थिक सुरक्षा के लिए, अपने सभी युवाओं के लिए रोजगार के सुअवसर का विस्तार करने तथा महिलाओं के लिए कानूनी एवं आर्थिक समानता सुनिश्चित करने के लिए। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि ये राष्ट्रीय चुनाव हैं। ऎसा चुनाव जो केन्द्र में ऎसी सरकार दे कि वह अखिल भारतीय शासन प्रदान करे, कांग्रेस एकमात्र ऎसा राष्ट्रीय दल है, जिसकी अखिल भारतीय सोच एवं मौजूदगी है। उपलब्धियों एवं अपने वचनों को पूरा करने का कांग्रेस का एक लंबा इतिहास रहा है। कांग्रेस के नेतृत्व में चली संप्रग सरकार इसके दृष्टिकोण, इसकी प्राथमिताओं तथा क्षमता का ताजा प्रमाण है। उन्होंने कांग्रेस जनों से कहा कि हमें अनुशासन एवं एकता कायम रखकर चुनाव मे हिस्सा लेने की जरूरत है।

No comments: