Friday, April 24, 2009

सौ दिन में शुरू होगी यमुना की सफाई : भाजपा

भारतीय जनता पार्टी के केन्द्र में सत्ता में आने पर पहले सौ दिनों के भीतर यमुना नदी को प्रदूषण रहित बनाने का काम प्रारम्भ कर दिया जाएगा और 2010 के कॉमनवेल्थ खेलों से पूर्व साफ सुथरा और उसके तटों को भव्य रूप दिया जाएगा।दिल्ली विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और भाजपा चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने शीला दीक्षित सरकार पर आरोप लगाया कि लापरवाही के कारण यमुना नदी इस समय एक गंदे नाले के रूप में बह रही है। शीला सरकार ने दो हजार करोड रूपए से अघिक खर्च करने के बाद भी यमुना नदी को पहले से अघिक दूषित बना दिया है। केंद्र की एनडीए सरकार इस बात की जांच करेगी कि दो हजार करोड रूपए किस प्रकार भ्रष्टाचार की भेंट चढे हैं। यमुना नदी में गिरने वाले गंदे नालों को यमुना में गिरने से रोकने के काम में कोई प्रगति नहीं हुई है। गंदे नाले और नजफगढ नालों में ट्रीटमेंट प्लांट लगाने का काम ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।पानी के लिए हाहाकारमल्होत्रा ने कहा कि गर्मी ने अभी तेवर दिखाने शुरू किए हैं कि दिल्ली में पानी को लेकर हाहाकार मचना शुरू हो गया है। टेंकरों के माध्यम से पानी विभिन्न इलाकों में पहुंचाया जा रहा है। यह पानी प्रदूषित होने के साथ-साथ स्थानीय ठेकेदारों के भ्रष्टाचार का भी सबब बन रहा है। लोग परेशान हैं और सरकार मूकदर्शक बनकर तमाशा देख रही है। दिल्ली में प्रतिदिन 950 से 1000 एमजीडी पानी की आवश्यकता है लेकिन उपलब्धता 650 एमजीडी तक ही है। अलबत्ता चालीस प्रतिशत पानी लीकेज के कारण बर्बाद हो रहा है।

No comments: