Wednesday, April 15, 2009

पहले चरण के चुनाव में नक्सलियों ने हमला किया

लोकसभा के पहले चरण के चुनाव में 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की कुल 124 संसदीय क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गुरुवार को वोटिंग जारी है। वोटिंग के पहले 2 घंटे में छत्तीसगढ़ में 12 फीसदी मतदान हुआ है। असम में 20 फीसदी वोटिंग होने की खबर है। झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है। यहां से देश के पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा चुनावी मैदान में हैं। बिहार के गया जिले के सिंदपुर पोलिंग बूथ पर नक्सलियों ने हमला किया है। इस हमले में होम गार्ड का एक जवान शहीद हो गया है। देवरिया में कांग्रेस उम्मीदवार बालेश्वर यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बालेश्वर यादव कुशीनगर के सांसद हैं और इस बार वह देवरिया सीट से चुनावी मैदान में हैं। लोकसभा के पहले दौर के लिए वोटिंग की शुरू हो चुकी है। लोग पोलिंग बूथों पर पहुंच रहे हैं और वोट डाल रहे हैं। इसी बीच कुछ हिंसा की खबरें भी आ रही हैं। झारखंड के लातेहार जिले में एक बारूदी सुरंग विस्फोट में बीएसएफ के 6 जवान शहीद हो गए। नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में 2 पोलिंग बूथों पर गोलीबारी की। उड़ीसा में 3 पोलिंग बूथों को नक्सलियों ने आग के हवाले कर दिया। आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद, बीजेपी नेता मुरली मनोहर जोशी, तेलंगाना राष्ट्रीय समिति अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव, केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी, एनटी रामाराव की पुत्री डी. पुरंदेश्वरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री बंदारु दत्तात्रेय और शशि थरूर लोकसभा के पहले चरण के प्रमुख उम्मीदवार हैं। इस चरण में केरल की सभी 20 सीटों, छत्तीसगढ़ की 11 और मेघालय की 2 सीटों के लिए एक ही चरण में चुनाव हो रहे हैं। वहीं, इस चरण में बिहार की 40 में से 13, उत्तर प्रदेश की 80 में से 16, महाराष्ट्र की 48 में 13 सीटों पर मतदान होगा। आंध्र प्रदेश की 42 में 22, की 14 में 6, उड़ीसा की 21 में से 10, असम की 14 सीटों में 3, अरुणाचल की 2, मणिपुर की 2 में से एक और जम्मू कश्मीर की 6 में से 1 सीट पर गुरुवार को ही वोट डाले जाएंगे। अंडमान निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप, मिजोरम और नगालैंड की 1-1 सीटों के लिए इसी चरण में 16 अप्रैल को मतदान संपन्न होंगे। पहले चरण में मतदान करने वाले मतदाताओं को परिणाम के लिए एक महीने तक इंतजार करना होगा, क्योंकि 16 मई को मतगणना होगी। आंध्र प्रदेश और उड़ीसा में हो रहे विधानसभा चुनावों के लिए साथ-साथ आज ही वोट डाले जा रहे हैं। उड़ीसा की 147 विधानसभा सीटों में 70 और आंध्र प्रदेश की 294 में से 154 सीटों पर गुरुवार को मतदान हो रहा है। केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के साथ राज्यों के सुरक्षाबलों की भी तैनाती के इंतजाम किए गए हैं। किसी भी आपराधिक गतिविधि को रोकने और शराब की बिक्री के नियंत्रण के लिए राज्यों की सीमाएं सील कर दी गई हैं। पांच चरणों में संपन्न होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल, 30 अप्रैल, 7 मई और 13 मई को मतदान होंगे।

No comments: