Sunday, March 22, 2009

कल्याण के भाजपा छोड़ने से दोहरी हानि

साध्वी उमाभारती एक बार फिर अपने पुराने दल भारतीय जनता पार्टी को मजूबत करने के लिए रविवार को लखनऊ आ रही हैं। भाजपा के कद्दावर नेता रहे कल्याण सिंह के पार्टी छोड़ने से हुई क्षति की भरपाई के लिए पार्टी उमा को उत्तर प्रदेश में प्रचार अभियान में उतारने की योजना बना रही है।पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि उमा का समर्थन भाजपा को कल्याण से ज्यादा लाभ पहुंचाएगा। वैसे तो उमा ने भाजपा में वापसी की अधिकृत घोषणा नहीं की है परन्तु वह पहले ही दिल्ली में लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात कर अपने समर्थन और भाजपा के लिए प्रचार का वादा कर चुकी है। इसके साथ ही भाजपा छोड़ने के बाद उमा के करीबी रहे प्रह्लाद पटेल रविवार को भोपाल में फिर भाजपा में शामिल हो गये।उमा रविवार को लखनऊ पहुंचने के बाद पहले मेयर दिनेश शर्मा के आवास पर जाएंगी। दोपहर में प्रेस क्लब में संवाददाताओं से बातचीत करने के बाद वह अयोध्या के लिए रवाना होंगी जहां पर रामलला के दर्शन करने और साधु-संतों से आशीर्वाद लेने के बाद नई राजनीतिक पारी की शुरूआत करेंगी। भाजपा नेतृत्व ने उमा का उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तराखंड तथा दिल्ली में प्रचार के लिए उपयोग करने का निर्णय लिया है। इसके लिए उमाभारती को भाजपा द्वारा हेलीकाप्टर भी मुहैया कराया जाएगा।ज्ञातव्य हो कि उमा ने वर्ष 2003 में लालकृष्ण आडवाणी पर भेदभाव का आरोप लगाकर भाजपा छोड़ दी और भारतीय जनशक्ति पार्टी का गठन किया। मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री होने के कारण पार्टी को वहां के साथ ही उससे सटे उत्तर प्रदेश में भी भारी नुकसान की आशंका थी। इधर कल्याण के भाजपा छोड़ने से पार्टी के लिए दोहरी हानि हो रही थी।

No comments: