Tuesday, March 17, 2009

रिश्तेदार को मैदान में उतारा

उत्तर प्रदेश के चुनाव मैदान में कई राजनीतिक दलों के बडे नेता खुद तो हैं ही, उनके रिश्तेदारों की भी बन आई है। कुछ नेताओं ने सिर्फ अपने रिश्तेदार को ही मैदान में उतारा है। इसमें कुछ ऎसे नेता भी शामिल हैं जिन्होंने नेहरू के परिवारवाद के खिलाफ अपनी राजनीतिक पाली शुरू की और इस सवाल पर लोहियावादी होने का दंभ भी भरा। भाजपा और कांग्रेस ने अभी राज्य की सभी 80 सीटों पर प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। पूरी उम्मीदवारी के बाद मैदान में ऎसे और भी रिश्ते नजर आने की सम्भावना है। नेहरू गांधी परिवार: अमेठी से कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी प्रत्याशी हैं। अमेठी की पडोस की सीट पर उनकी मां तथा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी उम्मीदवार हैं। श्रीमती गांधी की पुत्री प्रियंका बढेरा के सुलतानपुर सीट से चुनाव लडने की चर्चा थी लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया। पर वे अमेठी और रायबरेली में प्रचार की कमान तो संभालेंगी ही। नेहरू गांधी परिवार की एक और बहू मेनका गांधी आंवला सीट से भाजपा की प्रत्याशी हैं। इस बार उन्होंने अपनी परम्परागत पीलीभीत सीट पुत्र वरूण गांधी के लिए छोड दी है। सपा: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव मैनपुरी सीट से प्रत्याशी हैं तो उनके पुत्र अखिलेश यादव इस बार फिरोजाबाद सीट से किस्मत आजमा रहे हैं। मुलायम सिंह के भतीजे धर्मेन्द्र यादव बदायूं सीट से सपा प्रत्याशी बनाए गए हैं। धर्मेन्द्र ने पिछला चुनाव मैनपुरी सीट से जीता था। मुलायम सिंह के नए दोस्त बने कल्याण सिंह एटा सीट से निर्दलीय प्रत्याशी होने जा रहे हैं। वैसे भाजपा ने अपनी पहली सूची में सिंह को एटा सीट से ही प्रत्याशी घोषित किया था लेकिन हाल ही वह भाजपा छोड गए। उनके पुत्र राजबीर सिंह के अलीगढ सीट से सपा उम्मीदवार बनाए जाने की चर्चा है।राष्ट्रीय लोकदल: राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह बागपत सीट से चुनाव लड रहे हैं और अपने पुत्र जयंत सिंह को पहली बार मथुरा से प्रत्याशी बनाया है। सपा ने सहारनपुर सीट से रसीद मसूद को प्रत्याशी बनाया है तो उनके पुत्र शादान मसूद कैराना सीट से उम्मीदवार हैं। बसपा: बहुजन समाज पार्टी ने चर्चित और विवादास्पद हरिशंकर तिवारी के पुत्र विनय तिवारी को गोरखपुर सीट से उम्मीदवार बनाया है जबकि उनके एक और पुत्र भीष्म शंकर तिवारी संतकबीरनगर सीट से बसपा प्रत्याशी हैं। उनके भांजे गणेश शंकर पांडेय भी महराजगंज से प्रत्याशी हैं। बसपा ने एक सीट से राज्य के ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय को उम्मीदवार बनाया है। इसी तरह अलीगढ सीट से उम्मीदवार राजकुमारी राज्य के ग्रामीण अभियंत्रण मंत्री जयवीर सिंह की पत्नी हैं।

No comments: