Monday, March 16, 2009

भाजपा में शामिल हुए तीन सौ से ज्यादा कांग्रेसी

सौराष्ट्र क्षेत्र के पूर्व कांग्रेसी विधायक धनराज केल्ला व चुन्नी गोहिल सहित तीन सौ से ज्यादा कांग्रेसी नेता रविवार को भाजपा में शामिल हुए। भाजपा से निलंबित निवर्तमान सांसद चन्द्रेश पटेल, विद्रोही गुट के पूर्व विधायक टपू लिंबासिया व जीतू मेहता भी पार्टी में वापस लौटे। बसपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रह चुके करणा मालधारी, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री छबिलदास मेहता के पौत्र अमित मेहता भी भाजपा में शामिल हुए। जानकारी के अनुसार पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सौराष्ट्र क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोहर सिंह जाडेजा के पुत्र मान्धाता सिंह व जाने माने व्यावसायी किरण पटेल शनिवार को भाजपा में शामिल हुए। इनके स्वागत के लिए रविवार को यहां आयोजित सम्मान समारोह में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पुरूषोत्तम रूपाला, महासचिव विजय रूपाणी व वित्त मंत्री वजूभाई वाÝा विशेष तौर पर उपस्थित रहे। इसदौरान रविवार को भी तीन सौ से ज्यादा कांग्रेसी भाजपा में शामिल हुए। इनमें पूर्व विधायक केल्ला व गोहिल के अलावा वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुरेश प्रजापति, पूर्व पार्षद बाबू उदरेचा, मुस्लिम अग्रणी सैय्यद वाहेद बापू, जे.वी. ठुम्मर, अरविंद रैयाणी, पृथ्वीसिंह भट्टी प्रमुख हैं। कार्यक्रम के दौरान रमजू जाडेजा भी सौराष्ट्र क्षेत्र के 30 गांवों के कांग्रेसी सरपंचों सहित भाजपा में शामिल हुए। शनिवार को कांग्रेस से त्यागपत्र देने वाले समी से विधायक भावसिंह राठौड भी भाजपा में शामिल होने की जुगत में हैं। राठौड ने रविवार को यहां जारी बयान में कहा कि पार्टी की आन्तरिक गुटबाजी व लोगों की समस्याएं उठाने में अपनाई जा रही उदासीनता से व्यथित होकर उन्होंने कांग्रेस छोडी है।उन्होंने कहा कि यही कारण है कि राहुल गांधी के भरसक प्रयास के बावजूज कांग्रेस के युवक कार्यकर्ताओं के अलावा अन्य वरिष्ठ कांग्रेसी नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। राज्य में अब कांग्रेस पार्टी का भविष्य धूमिल होता जा रहा है। इस दौरान पता चला कि राठौड भी भाजपा में शामिल होने के लिए पार्टी के प्रदेश नेताओं से लगातार सम्पर्क में हैं। हालांकि भाजपा नेताओं ने इस संबंध में चुप्पी साध ली है।

No comments: