Wednesday, March 25, 2009

कांग्रेस ने भाजपा पर हमले तेज कर दिए

आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने भाजपा पर हमले तेज कर दिए हैं। कांग्रेस के निशाने पर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी और उसकी साम्प्रदायिक नीति है। इसके साथ ही पत्रकारों की तरफ से सवाल दागे जाने के बाद वरूण गांधी छाए रहते हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी भले ही वरूण पर सीधे बोलने से बच रहे हैं लेकिन पार्टी को सवाल पूछे जाने पर बोलना ही पड रहा है।कांग्रेस की तरफ से लोकसभा चुनाव के लिए बुधवार को प्रवक्ता के रूप में अश्वनि कुमार ने मोर्चा संभाला। कुमार ने आते ही पार्टी के घोषणा पत्र को लेकर भाजपा की तरफ से उठाए सवालों पर भाजपा की नीतियों की जमकर आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि ये शक्तियां देश को बांटने का काम कर रही हैं। भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं इसलिए वह चुनाव को साम्प्रदायिक रंग देने में लगी है। इसके बाद पत्रकारों ने वरूण को लेकर कई सवाल कर दिए। कांग्रेस अपनी तरफ से गिरफ्तारी की मांग से बची। कांग्रेस ने कहा कि अदालत अपना काम कर रही है। जहां तक चुनाव आयोग का सवाल है तो उस पर किसी प्रकार की अंगुली नहीं उठाई जा सकती है। संवाददाता सम्मेलन में वरूण को लेकर जिस तरह से सवाल दागे गए उससे कांग्रेस परेशानी में दिखी, हालांकि कांग्रेस ने अपनी तरफ से यही जताने की कोशिश की कि भाजपा का बांटने का एजेंडा चुनाव में नहीं चल पाएगा।

No comments: