Thursday, April 2, 2009

जसवंत, मेघवाल पर साधा निशाना

कांग्रेस ने भाजपा के वरिष्ठ नेता जसवंत सिंह और उपाध्यक्ष कैलाश मेघवाल को निशाने पर लेते हुए चुनाव आयोग से दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पैसा बांटने के मामले में जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र को अयोग्य ठहराते हुए उनके चुनाव लडने पर रोक लगाने की भी मांग की। कांग्रेस ने नोट बांटने के मामले की कडे शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि दोनों नेता रंगे हाथ नोट बांटते हुए पकडे गए हैं। टीवी पर दोनों नेताओं ने इसे स्वीकारा भी है। कांग्रेस प्रवक्ता जयंती नटराजन ने बुधवार को कहा कि जसंवत सिंह ने पूरी तरह से चुनाव कानूनों की अवहेलना कर सारे नियम कानून तोडे हैं। जसवंत व मेघवाल ने बाडमेर के गागरिया गांव में आयोजित चुनावी सभा में कुष्ठ रोग पीडितों को रूपए देने की घोषणा की थी। बाडमेर से जसवंत के बेटे मानवेंद्र सिंह भाजपा के प्रत्याशी हैं। कांग्रेस ने उनकी इस घोषणा को मुद्दा बनाते हुए बुधवार को भाजपा को जमकर आडे हाथों लिया। कांग्रेस ने कहा कि जसवंत सिंह ने स्वयं माना कि गरीबों की मदद करने में कोई बुराई नहीं है।कांग्रेस ने आरोप लगाया दोनों नेताओं ने मतदाताओं को लुभाने के लिए हथकंडा अपनाया। दोनों नेताओं ने चुनाव आचार संहिता को तोडा है। कांग्रेस ने इस मुद्दे को लालकृष्ण आडवाणी के ब्लैक मनी मामले से जोडते हुए कहा कि भाजपा के नेता ही स्वयं पैसे के सहारे चुनाव जीतने का जतन कर रहे हैं। कांग्रेस ने भाजपा पर भ्रष्ट व अपराधी छवि के लोगों को टिकट देने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस ने नीरा यादव का मामला उठाते हुए कहा कि कई राज्यों में भाजपा ने इसी तरह के लोगों को टिकट दिए हैं।

No comments: