Wednesday, August 12, 2009

निलम्बन के विरोध में भाजपा का धरना

अलवर। विधानसभा से तीन विधायकों के निलम्बन तथा बिजली, पानी किल्लत के साथ बढती महंगाई के विरोध में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बुधवार को अलवर के होपसर्कस पर धरना दिया गया। धरने में पार्टी के जिले के सातों विधायक, पूर्व विधायक व पूर्व सांसद, जिलाध्यक्ष सहित जिला पदाधिकारी, प्रदेश कार्यकारी समिति सदस्य, मण्डल अध्यक्ष व महामंत्री, बोर्ड व निगम अध्यक्ष, नगर परिषद व पालिकाओं के अध्यक्ष, पार्षद, सरपंच, प्रधान व जिला परिषद सदस्यों सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
धरने में सभी वक्ताओं ने विधायकों के निलम्बन को कांग्रेस के इशारे पर की गई कार्रवाई बताया। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य में कई विधेयकों को पारित करवाने और राज्यसभा चुनावों को देखते हुए यह षडयंत्र रचा गया है, जो नियम विपरीत है।
धरने में बिजली, पानी किल्लत को लेकर राज्य की पूर्ववर्ती भाजपा सरकार और वर्तमान गहलोत सरकार के कार्यकाल की तुलना भी की गई। धरने के बाद देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का पुतला जलाया गया तथा राज्यपाल के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर को ज्ञापन दिया गया।

No comments: