Monday, August 31, 2009

शरद यादव दूसरी बार बने जेडी (यू)के अध्यक्ष

जनता दल (यू) की राष्ट्रीय परिषद ने शरद यादव को दूसरी बार पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया। पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में शरद यादव को सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा की गई। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के निर्वाचन अधिकारी सुभाष चंद श्रीवास्तव ने इस संबंध में औपचारिक घोषणा करते कहा कि उनके अलावा किसी अन्य का नामांकन दाखिल नहीं हुआ। बासठ साल के शरद यादव लोकसभा में बिहार के मधेपुरा का प्रतिनिधित्व करते हैं। अध्यक्ष पद पर पुन: निर्वाचित होने के बाद उन्होंने सूखा और महंगाई की स्थिति से निपटने में यूपीए सरकार पर विफल रहने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि देश में सूखे और महंगाई की समस्या का हल खोजने के लिए तमाम राज्यों के मुख्यमंत्रियों का दो दिन का सम्मेलन बुलाया जाना चाहिए। एक तरह से संपूर्ण उत्तर भारत भयंकर सूखे की चपेट में है। देश में महंगाई आसमान छू रही है। सूखे की समस्या का हल केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग के बगैर निकलना संभव नहीं है। इसके लिए मुख्यमंत्रियों की दो दिन की बैठक होनी चाहिए। देश में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के पूरी तरह से चरमरा जाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह प्रणाली सूखे की इस विकट स्थिति का मुकाबला करने में सक्षम नहीं है। इस बात पर विस्तार से चर्चा की जानी चाहिए कि इस प्रणाली को मजबूत बना कर सूखा प्रभावित क्षेत्रों में लोगों तक अनाज कैसे पहुंचाया जाए। भ्रष्टाचार को गरीबी का सबसे बड़ा कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि गरीबों और आम आदमी के कल्याण का धन चंद लोगों ने लूट का जरिया बना लिया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ मुद्दा गुम हो गया है जिस खिलाफ लोगों को गोलबंद किया जाना चाहिए। बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पार्टी के सीनियर नेता जॉर्ज फर्नांडिस, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रामसुंदर दास, पार्टी की बिहार प्रदेश की इकाई के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह लल्लन, पार्टी प्रवक्ता शिवानंद तिवारी, महासचिव अरुण कुमार श्रीवास्तव सहित पार्टी के कई सीनियर नेता, सांसद, विधायक और विभिन्न प्रदेशों के अध्यक्ष शामिल हुए।

No comments: