Friday, August 28, 2009

यशवंत के खिलाफ कार्रवाई नहीं

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फिलहाल वरिष्ठ नेता यशवंत सिन्हा के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करने का फैसला किया है। सूत्रों के अनुसार आडवाणी को लेकर यशवंत सिंह के बयानों पर पार्टी अभी कोई कार्रवाई नहीं करेगी। माना जा रहा है कि अंदरूनी कलह में फंसी भाजपा यशवंत सिन्हा के खिलाफ कार्रवाई कर कोई नया बखेडा खडा नहीं करना चाहती।
उल्लेखनीय है कि कल यशवंत सिन्हा ने पूर्व राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ब्रजेश मिश्र के उस बयान का समर्थन किया था, जिसमें मिश्र ने कहा था कि कंधार मामले में लालकृष्ण आडवाणी को सब पता था। मिश्र ने गुरूवार को दावा किया कि विमान को छोडने के बदले तीन आतंककारियों को रिहा करने और जसवन्त सिंह के कंधार जाने के फैसले आडवाणी की मौजूदगी में लिए गए थे। उन्होंने यह भी बताया कि आतंककारियों ने यात्रियों की रिहाई के लिए 20 करोड डॉलर भी मांगे थे।
पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा ने भी कहा था कि सुरक्षा मामलों की केबिनेट समिति की बैठक में आडवाणी मौजूद थे। इसके साथ ही यशवंत सिन्हा ने जसवंत सिंह का समर्थन भी किया था। उन्होंने जसवंत की किताब पर पाबंदी को अनुचित करार देते हुए कहा था कि भाजपा किसी के विचारों पर प्रतिबंध नहीं लगा सकती।

No comments: