Monday, August 31, 2009

यहां भी पहुंचा 'बवाल'

दिल्ली से जयपुर तक भाजपा के अन्दरूनी झगडों की आंच भीलवाडा तक पहुंच गई है। पूर्व सांसद सुभाष बहेडिया को सदस्यता अभियान का जिला प्रभारी बनाए जाने पर पार्टी के कई पदाधिकारियों व निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष वीपी सिंह ने बगावती तेवर अपना लिए। भाजपा यहां भी वसुन्धरा राजे खेमे एवं प्रदेश अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी खेमे में बंटी दिखाई दी।

भाजपा सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक वासुदेव देवनानी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई पार्टी के जिला पदाधिकारियों की बैठक में खेमेबंदी की झलक साफ दिखाई दी। बैठक से वीपी सिंह के उठकर चले जाने के बाद संगठन में बवाल की स्थिति है। अभियान के लिए मण्डल संयोजकों की नियुक्ति में पार्टी संगठन को विश्वास में नहीं लेने का आरोप लगाते हुए सिंह के नेतृत्व में शाम को अलग बैठक हुई।
बैठक में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों की बात सुनने के बाद सिंह ने सदस्यता अभियान नियुक्ति को लेकर आक्रामक तेवर दिखाए। उन्होंने देवनानी पर ही अविश्वास जताते हुए कहा- 'सदस्यता अभियान में जिला प्रभारियों की नियुक्ति के नाम पर पार्टी की मुखालफत करने वालों को पुरस्कृत किया जा रहा है। मैडम के खिलाफ रहे लोगों को प्रभारी बनाकर आखिर क्या चाहते हैं। सभी जानते हैं कि सुभाष बहेडिया ने लोकसभा चुनाव में यहां के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ माहौल बनाया था'।
जिलाध्यक्ष दामोदर अग्रवाल ने पार्टी अनुशासन की दुहाई देते हुए कहा कि सिंह के माध्यम से कार्यकर्ताओं की बात आगे पहुंचाई जाएगी। बैठक में भाजपा के कई पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी सूरत में बहेडिया को जिला प्रभारी स्वीकार नहीं करेंगे।
बाल आप्टे से करेंगे शिकायत सिंह के अनुसार वह कार्यकर्ताओं की शिकायतों को एक-दो दिन में सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय संयोजक बाल आप्टे के समक्ष रखेंगे। उन्होंने जरूरत पडने पर कार्यकर्ताओं को दिल्ली पहुंचने के लिए तैयार रहने को भी कहा।

No comments: